क्या आपको भी चॉकलेट केक खाना अच्छा लगता है? अगर हां, तो आज हम आपको बिना ओवन और बिना अंडे का इस्तेमाल किए चॉकलेट केक बनाना सिखाएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि चॉकलेट केक बनाने के लिए 2 कप मैदा, एक कप चीनी, डेढ़ चम्मच बेकिंग पाउडर, 1/3 चम्मच बेकिंग सोडा, 1/4 चम्मच नमक, 3 चम्मच चॉकलेट पाउडर, एक कप दूध, हाफ कप तेल, 1/3 कप मिक्स फ्रूट जूस, 1/3 कप दही और हाफ चम्मच वनीला एसेंस की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- एक बड़े बर्तन के ऊपर छन्नी रखिए और फिर मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, नमक, चॉकलेट पाउडर, इन सभी चीजों को छान लीजिए।
दूसरा स्टेप- इसके बाद सभी चीजों को मिक्स कर लीजिए। एक दूसरे बर्तन में दूध, तेल, दही, मिक्स फ्रूट जूस और वनीला एसेंस को निकालकर अच्छी तरह से फेंटते हुए मिला लीजिए।
तीसरा स्टेप- इस घोल में धीरे-धीरे करके सूखी सामग्रियों के मिक्सचर को भी मिलाते जाइए। ध्यान रहे कि आपको सभी चीजों को इस तरह से मिलाना है कि मिश्रण में कोई भी गुठली न रह जाए।
चौथा स्टेप- केक के सांचे में तेल लगा लीजिए और फिर थोड़ा सा मैदा छिड़क लीजिए। इसके बाद केक के घोल को सांचे में डाल दीजिए।
पांचवां स्टेप- कढ़ाई को मीडियम फ्लेम पर गर्म कर लीजिए और फिर बीच में स्टैंड रख दीजिए। स्टैंड के ऊपर केक के सांचे को सावधानी से रखकर ढक दीजिए।
छठा स्टेप- लगभग 15 मिनट तक आंच को धीमा रखिए और फिर 30-40 मिनट तक केक को मीडियम फ्लेम पर पकने दीजिए।
सातवां स्टेप- इसके बाद आप टूथपिक डालकर देखिए, अगर टूथपिक बाहर निकालते समय साफ है तो समझ जाइए कि केक पक गया है वरना आप केक को कुछ और देर के लिए मीडियम फ्लेम पर पका लीजिए।
आठवां स्टेप- अब केक को ठंडा होने दीजिए और फिर सांचे से निकाल लीजिए। गार्निशिंग के लिए आप चॉकलेट गनाश या फिर क्रीम का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Latest Lifestyle News