A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कैसे बनाएं चटपटा ब्रेड पकौड़ा, गर्मागर्म चाय के साथ उठाएं लुत्फ, नोट कर लीजिए रेसिपी

कैसे बनाएं चटपटा ब्रेड पकौड़ा, गर्मागर्म चाय के साथ उठाएं लुत्फ, नोट कर लीजिए रेसिपी

Bread Pakora Recipe: क्या आप भी वीकेंड पर कुछ बढ़िया बनाकर खाना चाहते हैं? अगर हां, तो आज हम आपको स्टेप बाई स्टेप ब्रेड पकौड़ा बनाने के तरीके के बारे में बताएंगे।

ब्रेड पकौड़ा- India TV Hindi
Image Source : HOME COOKING/YT ब्रेड पकौड़ा

गर्मागर्म चाय के साथ गर्मागर्म ब्रेड पकौड़े खाने का मजा ही कुछ और है। आइए ब्रेड पकौड़े बनाना सीखते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ब्रेड पकौड़े बनाने के लिए 4 ब्रेड स्लाइस, एक कप बेसन, चुटकी भर हल्दी पाउडर, हाफ टी स्पून जीरा, हाफ टी स्पून चिली फ्लेक्स, नमक स्वादानुसार, चुटकी भर बेकिंग सोडा, पानी आवश्यकतानुसार, 4 उबले और मैश किए हुए आलू, एक प्याज बारीक कटा हुआ, 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, हाफ टी स्पून लाल मिर्च पाउडर, चुटकी भर हींग, हाफ टी स्पून जीरा, हाफ टी स्पून चाट मसाला, 1/4 टी स्पून गरम मसाला, हाफ टी स्पून नमक, धनिया-पुदीना की चटनी, टोमैटो केचप और तेल की जरूरत पड़ेगी।

पहला स्टेप- सबसे पहले एक कटोरे में आलू, प्याज, हरी मिर्च और सारे मसाले निकाल लीजिए और फिर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।

दूसरा स्टेप- इसके बाद एक कटोरे में बेसन, सारे मसाले, बेकिंग सोडा और पानी निकाल लीजिए और फिर सभी चीजों को मिक्स करके एक गाढ़ा घोल तैयार कर लीजिए।

तीसरा स्टेप- अब एक ब्रेड स्लाइस पर हरी चटनी लगा लीजिए। इसी ब्रेड स्लाइस पर आलू के मिक्सचर को अच्छी तरह से स्प्रेड कर लीजिए।

चौथा स्टेप- इसके बाद दूसरी ब्रेड स्लाइस पर टोमैटो केचअप लगा लीजिए। इस ब्रेड स्लाइस को आलू वाली ब्रेड स्लाइस के ऊपर रख दीजिए।

पांचवां स्टेप- अब ब्रेड को ट्राएंगल शेप में काट लीजिए। इसके बाद कढ़ाई में तेल एड कर गर्म कर लीजिए।

छठा स्टेप- आपको ब्रेड को बेसन के घोल में डुबोना है और फिर गर्म तेल में डालकर फ्राई कर लेना है। मीडियम फ्लेम पर ब्रेड को गोल्डन होने तक फ्राई कीजिए।

सातवां स्टेप- अब ब्रेड पकौड़े को नैपकिन में निकाल लीजिए और दो बराबर हिस्सों में काटकर सर्व कीजिए।

आठवां स्टेप- आप ब्रेड पकौड़े के टेस्ट को गर्मागर्म चाय या फिर हरी मिर्च और चटनी के साथ एंजॉय कर सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News