गर्मी आते ही करेला भिंडी सबसे ज्यादा खाई जाने वाली सब्जी बन जाती हैं। करेला का स्वाद कड़वा होता है लेकिन फिर भी जो लोग स्वाद से ज्यादा सेहत का ख्याल रखते हैं वो करेला जरूर खाते हैं। करेला को काटकर या मसाला भरकर बनाया जाता है। लेकिन बिहार के मिथिलांचल में करेला को बेसन में डुबाकर तलकर बनाया जाता है। एक बार इस तरह से भरवां करेला बनाकर खाएंगे तो फिर बाकी दूसरे स्वाद भूल जाएंगे। इस तरह करेले की कड़वाहट भी दूर हो जाती है और मसाले का स्वाद और उसकी खुशबू दूर-दूर तक फैल जाती है। तो चलिए बेसन में लिपटे भरवां करेला बनाने की ये रेसिपी ट्राई करते हैं।
बेसन वाले भरवां करेला की रेसिपी
भरवां करेला के लिए सामग्री- आपको इसके लिए 8-10 मीडियम साइज के करेले लेने हैं। 2 बड़े प्याज, 10 लहसुन की कली, 2 टी स्पून धनिया पाउडर, 1 टी स्पून हल्दी, 1 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर, 1 टी स्पून मीट मसाला स्वादानुसार नमक चाहिए। इसके साथ ही 4 बड़ा चम्मच बेसन, 2 बड़ा चम्मच मैदा और फाई करने के लिए सरसों का तेल चाहिए।
पहला स्टेप- सबसे पहले करेला को धोकर हल्का छील लें। अब बीच में कट लगाकर करेला के अंदर से बीज निकाल दें। अगर करेला बहुत लंबे हैं तो उन्हें 3 इंच के टुकड़ों में काट लें। इससे करेला को फ्राई करना आसान हो जाएगा।
दूसरा स्टेप- अब कड़ाही में पानी गरम करें और उसमें 1 चुटकी नमक डालकर कटे हुए करेला डालकर करीब 5-6 मिनट तक उबाल लें। इससे करेला नरम हो जाएंगे और कड़वापन निकल जाएगा। अब करेला को पानी से निकालकर अलग रख दें और ठंडा होने दें।
तीसरा स्टेप- अगर करेला के बीज खाना चाहते हैं तो उन्हें प्याज और लहसुन के साथ मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। कड़ाही में सरसों का तेल डालें। आपको उतना ही तेल डालना है जिसमें मसाला भुन जाए। अब पिसा हुआ लहसुन अदरक डालें। सारे सूखे मसाले जैसे धनिया पाउडर, हल्दी, मिर्च पाउडर और मीट मसाला डाल दें। सौंफ, आमचूर पाउडर डाल दें और नमक मिला दें। मसाले को धीमा आंच पर भून लें।
चौथा स्टेप-जब मसाला तेल छोड़ दे तो गैस बंद कर दें और मसाले को ठंडा होने दें। अब मसाले को करेला के अंदर भर लें। सारे करेला में मसाला भरकर रख दें। अब एक बाउल में बेसन, मैदा, चुटकी नमक, हल्दी और मिर्च पाउडर मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें। कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। तैयार बेसन के घोल में मसाला भरे हुए करेला को पकोड़े की तरह डुबाएं और सुनहरा होने तक तलें। करेला के ऊपर लगी बेसन की परत के कुरकुरा होते ही निकाल लें।
Image Source : India Tvमिथिला स्पेशल करेला रेसिपी
बेसन में लिपटे हुए भरवां करेला बनकर तैयार हैं। आप इन्हें रोटी और चावल के साथ परोसें। यकीन मानिए एक बार इस तरह भरवां करेला बनाकर खाएंगे तो हर बार यही रेसिपी ट्राई करेंगे। इसका स्वाद नॉर्मल भरवां करेला से ज्यादा टेस्टी लगता है। इस तरह बने करेला को हफ्तेभर खा सकते हैं।
Latest Lifestyle News