1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. टेस्टी कंगनी उपमा कैसे बनाएं, सूजी उपमा से ज्यादा स्वादिष्ट बनता है, नोट कर लें रेसिपी

टेस्टी कंगनी उपमा कैसे बनाएं, सूजी उपमा से ज्यादा स्वादिष्ट बनता है, नोट कर लें रेसिपी

वजन घटाना है और हेल्दी रहना है तो सूजी का उपमा खाना छोड़ए, कंगनी उपमा ट्राई करें। ये मिलेट उपमा खाने में बहुत टेस्टी लगता है और इसके फायदे ही फायदे हैं। नोट कर लें कंगनी उपमा की रेसिपी।

कंगनी उपमा रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कंगनी उपमा रेसिपी

आजकल मिलेट खाने का काफी ट्रेंड है। मिलेट यानि मोटा अनाज जैसे जौ, बाजरा, रागी, मक्का और कंगनी को काफी हेल्दी अनाज माना जाता है। इनसे कई तरह की रेसिपी बनाई और खाई जाती हैं। आज हम आपको कंगनी उपमा बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। जी हां कंगनी जिसे इंग्लिश में Foxtail millet कहा जाता है। इससे टेस्टी उपमा बनाकर तैयार किया जा सकता है। ये स्वाद में सूजी उपमा से भी ज्यादा टेस्टी लगता है। खास बात ये है कि ये अनाज ग्लूटेन फ्री है। वजन घटाने वालों के लिए कंगनी उपमा बेस्ट फूड ऑप्शन है। फटाफट नोट कर लें कंगनी उपमा की रेसिपी।

कंगनी उपमा रेसिपी

पहला स्टेप- आपके इसके लिए 1 कप कंगनी लेना है। इसे धोकर पानी निकाल दें। अब पैन में 1 चम्मच घी डालें और इसमें कंगनी को डालकर भून लें। उपमा के लिए सारी सब्जियां जैसे बीन्स, गाजर, गोभी, ब्रोकली, शिमला मिर्च सभी को बारीक काट लें। 

दूसरा स्टेप- पैन में 1 चम्मच तेल डालें। इसमें राई, सूखी लाल मिर्च, उड़द दाल, हरी मिर्च, अदरक और ढेर सारा करी पत्ता डाल दें। इसी में बारीक कटी सब्जियों को डालकर हल्का सॉते कर लें। अब सब्जियों को निकाल लें।

तीसरा स्टेप- इसी पैन में कंगनी से 3 गुना पानी डालें और फिर इसमें भुनी हुई कंगनी डाल दें। अब इसमें नमक और काली मिर्च डाल दें। इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर पकाएं। 

चौथा स्टेप- अब एक बार चेक कर लें और लगे कि कंगनी अच्छी तरह से पक गई है तो इसमें फ्राई की गई सारी सब्जियां मिला दें। थोड़ा अलट-पलट करके पकाएं और फिर इसमें बारीक कटा हरा धनिया और स्वाद के लिए नींबू डालकर सर्व करें।

इस फॉक्सटेल यानि कंगनी उपमा को आप नाश्ते में बनाकर खाएं। इसमें प्रोटीन और शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। डाइटिंग करने वाले इसे पेट भरकर खा सकते हैं। पेट और पाचन के लिए ये उपमा बेस्ट ऑप्शन है। बढ़ते हुए बच्चों को कंगनी जरूर खिलाना चाहिए। इससे उनकी ग्रोथ अच्छी होती है। आप इसे दूध में पकाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बच्चों को इसका स्वाद भी पसंद आएगा।

 

Latest Lifestyle News