क्या आप भी चावल की खीर खाते-खाते बोर हो गए हैं? अगर हां, तो आपको खजूर की खीर बनाकर देखनी चाहिए। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को खजूर की खीर का टेस्ट काफी ज्यादा पसंद आएगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पोषक तत्वों से भरपूर खजूर की खीर बनाने के लिए आपको 15 खजूर, एक लीटर फुल क्रीम दूध उबला हुआ, एक चम्मच छोटी इलायची पाउडर, हाफ कप चीनी, 8 बादाम कटे हुए, 8 काजू कटे हुए, 6 पिस्ता कटे हुए और घी की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- सबसे पहले खजूर के बीज निकालकर इन्हें धोकर साफ कर लीजिए। इसके बाद खजूर को आधे कप गर्म दूध में लगभग 20 से 30 मिनट के लिए भिगोकर रख दीजिए।
दूसरा स्टेप- अब आपको मिक्सी में भीगे हुए खजूर को थोड़े से दूध के साथ पीस लेना है। एक स्मूद पेस्ट बन जाएगा।
तीसरा स्टेप- गैस ऑन करके पैन रखिए। पैन में घी को गर्म कर खजूर के इस पेस्ट को मीडियम फ्लेम पर लगभग 5 मिनट तक फ्राई कर लीजिए।
चौथा स्टेप- पांच मिनट के बाद आपको खजूर के पेस्ट के साथ-साथ दूध और चीनी को मिक्स करते हुए अच्छी तरह से पका लेना है।
पांचवां स्टेप- खीर जब गाढ़ी होने लग जाए, तब आप खजूर की खीर में इलायची पाउडर मिला लीजिए और फिर इसे लगभग 2 मिनट तक तेज आंच पर कुक कीजिए।
छठा स्टेप- आखिर में खजूर की खीर की गार्निशिंग के लिए आप बारीक कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता का इस्तेमाल कर सकते हैं। ड्राई फ्रूट्स को खीर में अच्छी तरह से मिला लीजिए और फिर परोसिए।
आपकी खजूर की खीर सर्व करने के लिए तैयार है। महज 30 से 40 मिनट के अंदर खजूर की खीर बन जाएगी। अगली बार आपका जब भी खीर खाने का मन करे, तो आप खजूर की खीर की रेसिपी को ट्राई करके देख सकते हैं।
Latest Lifestyle News