शाम के वक्त अक्सर लोगों का चटपटा खाने का मन करता है। ऐसे में ज्यादातर लोग शाम के नाश्ते में समोसा, मोमोज, आलू टिक्की जैसे फास्ट फूड खूब पसंद आते हैं। लेकिन अगर आप एक ही तरह के स्नैक्स खाकर बोर हो चुके हैं तो स्वादिष्ट तिब्बती स्नैक लाफिंग ट्राय कर सकते हैं। ये खाने में तो स्वादिष्ट लगता ही है, साथ ही इसे आप आसानी से घर पर भी बना सकते हैं। यहां हम आपके लिए स्वादिष्ट तिब्बती स्नैक लाफिंग की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- मैदा: 2 कप
- पानी: गूंथने के लिए
- पीला खाने का रंग: 1 चुटकी (वैकल्पिक)
- बेकिंग पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
सीज़निंग और सॉस के लिए सामग्री
- लहसुन का पानी: 1/2 कप पानी में 6-7 पिसी हुई लहसुन की कलियां मिला लें।
- चिली ऑयल: 2-3 बड़े चम्मच (लाफिंग की असली जान)
- सोया सॉस: 1 बड़ा चम्मच
- सफेद सिरका: 1 बड़ा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- हरा धनिया और स्प्रिंग अनियन: बारीक कटा हुआ
- भुनी हुई नट्स/सेव: क्रंच के लिए
बनाने की विधि
- मैदा में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एक नरम डो गूंथ लें। इसे ढककर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। अब एक बड़े बर्तन में पानी लें और इस आटे को उस पानी में डालकर हाथों से अच्छी तरह मसलें। ऐसा करने से आटे का सारा स्टार्च पानी में आ जाएगा और हाथ में सिर्फ एक लसदार हिस्सा बचेगा।
- हाथ में बचे इस हिस्से में बेकिंग पाउडर मिलाकर 5 मिनट के लिए स्टीम कर लें। पकने के बाद इसे छोटे टुकड़ों में काट लें।
- स्टार्च वाले पानी को रात भर या 5-6 घंटे के लिए स्थिर छोड़ दें। सुबह तक स्टार्च नीचे बैठ जाएगा और साफ पानी ऊपर आ जाएगा। ऊपर का पानी धीरे से हटा दें। बचे हुए गाढ़े स्टार्च में थोड़ा सा पीला रंग मिला लें।
- एक फ्लैट स्टील की प्लेट या टिन को थोड़े से तेल से ग्रीस करें। इसमें दो बड़े चम्मच स्टार्च का घोल डालें और प्लेट को घुमाकर पतली परत बना लें।
- एक कढ़ाई में पानी उबालें, उस पर यह प्लेट रखें और ढककर 2 से 3 मिनट तक स्टीम करें।
- जब शीट ट्रांसपेरेंट दिखने लगे, तो इसे निकालें, ठंडा करें और किनारों से धीरे से निकाल लें। आपकी लाफिंग शीट तैयार है।
- लाफिंग शीट को एक फ्लैट जगह पर रखें।
- इस शीट के ऊपर चिली ऑयल, लहसुन का पानी, सोया सॉस, सिरका और नमक लगाएं।
- इसके ऊपर स्टीम किए हुए ग्लूटेन के टुकड़े और बारीक कटा हरा धनिया डालें। अब शीट को कसकर रोल कर लें।
- इस रोल को 1-1 इंच के टुकड़ों में काटें और ऊपर से थोड़ा और चिली ऑयल डालकर तुरंत सर्व करें!
Latest Lifestyle News