1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. करेला आलू की चटपटी सब्जी खाई है क्या, कुरकुरी और मसालेदार बनेगी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

करेला आलू की चटपटी सब्जी खाई है क्या, कुरकुरी और मसालेदार बनेगी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : May 27, 2026 11:02 am IST,  Updated : May 27, 2026 11:02 am IST

Karela Potato Recipe: करेला की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन एक बार आलू और करेला की मिक्स सब्जी बनाकर खाएं। इस सब्जी के आगे हर स्वाद फीका लगेगा। एकदम कुरकुरी और मसालेदार करेला आलू की सब्जी की रेसिपी नोट कर लें।

करेला आलू की सब्जी रेसिपी- India TV Hindi
करेला आलू की सब्जी रेसिपी Image Source : INDIA TV

गर्मी में करेला जरूर खाना चाहिए। करेला को भरवां और काटकर बनाया जाता है। लेकिन एक बार आप करेला को आलू के साथ बनाकर खाएं। आलू करेला की सब्जी का स्वाद बहुत टेस्टी लगता है। आलू करेला की सब्जी बहुत ही चटपटी और कुरकुरी बनती है। इसे दाल के साथ या ऐसे ही पूरी पराठे के साथ खा सकते हैं। फटाफट नोट कर लें करेला आलू की सब्जी की रेसिपी।

करेला आलू की सब्जी की रेसिपी

पहला स्टेप- आधा किलो करेला लें और उन्हें धो लें। अब करेला के डंठल निकाल कर करेला को हल्के हाथों से छील लें। अब करेला को लंबाई में दो हिस्सों में काट लें। अब दोनों टुकड़ों को भी लंबाई में एक बार और काट लें। अगर करेला के बीज बहुत ज्यादा पके हैं तो निकाल दें। वैसे बीज वाले करेला का स्वाद ज्यादा अच्छा आता है। अब करेला पर नमक और थोड़ी हल्दी डालकर मिक्स कर लें। करेला को 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। अब करेला को हल्का निचोड़ते हुए दूसरी प्लेट में रख दें। 

दूसरा स्टेप- कड़ाही में सरसों के तेल गर्म करें और इसमें करेला डाल दें। अब करेला को पलटते हुए हल्का फ्राई कर लें। अब 3-4 आलू लें और उन्हें छीलकर लंबाई में करेला जैसे मोटे-मोटे काट लें। अब आलू को 2-3 बार अच्छी तरह से धो लें। इससे स्टार्च निकल जाएगा। जब करेला हल्के फ्राई हो जाएं तो निकाल लें और उसी तेल में कटे हुए आलू भी शैलो फ्राई कर लें। 

तीसरा स्टेप- बचे हुए तेल में से 2-3 चम्मच तेल ही कड़ाही में रखें। तेल में थोड़ी हींग, जीरा डालें। अब 4 मीडियम साइज की प्याज को पतला और लंबा काट लें। प्याज की परत को अलग-अलग कर लें। अब आधी प्याज तेल में डालकर भून लें। अब प्याज में 1 चम्मच धनिया पाउडर, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर और 3-4 हरी मिर्च बीच से काटकर डाल दें। थोड़ी हल्दी और थोड़ा नमक डालें। 

चौथा स्टेप-अब एक नींबू के साइज जितनी इमली को बहुत थोड़े पानी में भिगो दें। भीगने पर हाथ से मसल लें, इस पल्प को छन्नी से छानकर तेल में पक रही प्याज में डालकर मिलाएं। अब इसमें आधा चम्मच गरम मसाला डालें। सारी चीजों को 3-4 मिनट पकाएं और अब इसमें बचा हुआ प्याज भी डाल दें। अब इसमें फ्राई किया करेला और आलू भी डाल दें। इसे मीडियम फ्लेम पर करेला और आलू को पकाएं। बीच-बीच में इसे चलाते रहें।

जब सारी चीजें अच्छी तरह से गल जाएं तो आप गैस बंद कर दें। तैयार है स्वादिष्ट आलू करेला की सब्जी, इसे रोटी, पराठा या चावल के साथ खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल