A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बिना चीनी के बनाएं यमी फ्रूट कस्टर्ड, बड़े चाव से खाएंगे बच्चे, बेहद आसान है रेसिपी

बिना चीनी के बनाएं यमी फ्रूट कस्टर्ड, बड़े चाव से खाएंगे बच्चे, बेहद आसान है रेसिपी

Fruit custard recipe: क्या आपने कभी फ्रूट कस्टर्ड खाया है? आज हम आपको बिना चीनी के फ्रूट कस्टर्ड बनाने के बेहद आसान तरीके के बारे में बताएंगे।

फ्रूट कस्टर्ड- India TV Hindi
Image Source : SHAZIYA'S RECIPES/YT फ्रूट कस्टर्ड

ज्यादातर लोग जब भी कस्टर्ड बनाते हैं, तो कस्टर्ड पाउडर का इस्तेमाल करते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि आप बिना कस्टर्ड पाउडर और बिना चीनी के फ्रूट कस्टर्ड कैसे बना सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आप कस्टर्ड में दूध को गाढ़ा करने के लिए कस्टर्ड पाउडर की जगह ड्राई फ्रूट्स यूज कर सकते हैं। ड्राई फ्रूट्स के इस्तेमाल से दूध गाढ़ा और मलाईदार होगा। इस कस्टर्ड का सेवन करना सेहत के लिए भी काफी ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है। आइए स्टेप बाई स्टेप कस्टर्ड बनाना सीखते हैं।

पहला स्टेप- सबसे पहले एक कटोरे में एक कप मखाना, आधा कप बादाम और आधा कप काजू निकालिए और फिर इसी कटोरे में एक कप गुनगुना दूध भी एड कर लीजिए।

दूसरा स्टेप- अब आपको दूध में केसर के कुछ धागे और स्वाद के हिसाब से शहद (चीनी की जगह) भी मिला लेना है।

तीसरा स्टेप- लगभग 15 से 20 मिनट तक ड्राई फ्रूट्स को दूध में भिगोए रखना है जिससे ड्राई फ्रूट्स सॉफ्ट हो जाएं। इतनी देर में आप सेब, अंगूर, चीकू, केला या फिर अपने मनपसंद फ्रूट को काटकर रख सकते हैं।

चौथा स्टेप- मिक्सर में भीगे हुए मखाने, काजू, बादाम, केसर-शहद वाला दूध निकाल लीजिए। आपको इसे ग्राइंड कर गाढ़ा और मलाईदार पेस्ट तैयार कर लेना है।

पांचवां स्टेप- एक बड़े बर्तन में सभी कटे हुए फल, अनार, थोड़ा सा शहद निकाल लीजिए। अब इसी कटोरे में ड्राई फ्रूट्स वाला गाढ़ा क्रीमी पेस्ट भी निकाल लीजिए।

छठा स्टेप- आपको सभी चीजों को आपस में अच्छी तरह से मिक्स कर लेना है। गार्निशिंग के लिए आप अनार के दाने, कटी हुई केले की स्लाइस और बारीक कटे हुए पिस्ता का इस्तेमाल कर सकते हैं।

फ्रूट कस्टर्ड को एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दीजिए और फिर ठंडे, गाढ़े और मलाईदार कस्टर्ड के टेस्ट का लुत्फ उठाइए। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को फ्रूट कस्टर्ड का स्वाद काफी ज्यादा पसंद आएगा। सबसे अच्छी बात ये है कि ये फ्रूट कस्टर्ड टेस्टी होने के साथ-साथ हेल्दी भी है।

 

Latest Lifestyle News