A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सर्दियों में दही जमाने का आसान तरीका, इस ट्रिक से एकदम गाढ़ा मलाईदार दही जमेगा

सर्दियों में दही जमाने का आसान तरीका, इस ट्रिक से एकदम गाढ़ा मलाईदार दही जमेगा

Curd Making In Winter: सर्दियों में दही जमाना आसान काम नहीं है अगर जरा सी चूक हुई तो दही जमती नहीं है या अच्छा स्वाद नहीं आता है। इसलिए सर्दियों में दही जमाने की ये ट्रिक अपनाएं। इससे एकदम गाढ़ा दही जमेगा।

सर्दियों में दही जमाने का तरीका- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सर्दियों में दही जमाने का तरीका

सर्दियों में दही को डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। दही सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। दही खाने से शरीर को प्रोटीन, विटामिन बी12 और गुड बैक्टीरिया मिलते हैं। दही खाने का स्वाद भी बढ़ा देती है इसलिए रोजाना 1 कटोरी दही खाने की आदत बना लें। घर का जमा दही मार्केट से कहीं ज्यादा क्रीमी और टेस्टी होता है। लेकिन सर्दियों में दही जमाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। अगर दूध ज्यादा ठंडा है तो दही नहीं जमेगा और अगर दही को ऐसे की किसी भी बर्तन में जमाते हैं तो भी दही अच्छा नहीं जमेगा। सर्दियों में दही जमाने की खास ट्रिक होती है जिसे आपको जरूर जानना चाहिए।

सर्दियों में दही जमाने का तरीका

पहला तरीका- सर्दियों में दही जमाने के लिए आपको थोड़ा गर्म दूध लेना है। दूध को उबाल लें और फिर हल्का ठंडा होने दें। नॉर्मली उंगली सह जाने वाला दूध दही जमाने के लिए अच्छा माना जाता है लेकिन सर्दियों में इससे थोड़ा और गर्म दूध लें। अब दूध में करीब 1-2 चम्मच गाढ़ा दही डाल लें। अब दूध को किसी एसी जगह पर रखें जो हल्की गर्म हो। आप माइक्रोवेव के अंदर या किसी डब्बे में, चावल के डब्बे में या आटे में दूध के बर्तन को रख दें। दूध के बर्तन को किसी गर्म कपड़े से कवर कर दें। आप चाहें तो कोई तौलिया या दूसरे गर्म कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं। अब बिना हिलाए दूध को करीब 8 घंटे या पूरी रात ऐसे ही रखा रहने दें। सुबह एकदम गाढ़ा दही जमकर तैयार हो जाएगा।

दूसरा तरीका- ठंड में दही जमाने का दूसरा तरीका है कि आप गर्म दूध लें और उसे हल्का फेंट लें। जब दूध गुनगुने से थोड़ा ज्यादा गर्म रहे तो इसे रोटी वाले हॉटकेस या किसी दूसरे खाना गर्म रखने वाले बर्तन में पलट दें। इसमें 1-2 चम्मच दही डालें और ढक्कन लगाकर 8 घंटे के लिए सेट होने के लिए रख दें। पूरी सर्दियां आप इस ट्रिक से आसानी से दही जमा सकते हैं। इस तरह गाढ़ा दही जमकर तैयार होगा।

तीसरा तरीका- अगर आपको ये सारे काम किसी झंझट वाले लगते हैं तो इसका एक और आसान तरीका है। आप किसी डब्बे में कोई पुराना स्वेटर या शॉल काटकर हमेशा के लिए बिछा दें। डब्बा बहुत बड़ा नहीं होना चाहिए, सिर्फ इतना बड़ा हो कि आपका दही जमाने वाला डब्बा उसके अंदर आसानी से घुस जाए और निकल जाए। अब किसी भी बर्तन में दही जमाएं और फिर उसे इस डब्बे में रख दें। 8 घंटे या पूरी रात में दही जमकर तैयार हो जाएगी।

Latest Lifestyle News