नॉन-वेज लवर्स के लिए बिरयानी सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि एक जज्बात है। जब बात जायके और शाही अंदाज की हो, तो मटन बिरयानी का नाम सबसे ऊपर आता है। बिरयानी के दीवानों के बीच मटन बिरयानी का एक अलग ही क्रेज देखने को मिलता है। इसे नॉन-वेज खान-पान का 'किंग' कहा जाए तो गलत नहीं होगा। मटन बिरयानी की सबसे बड़ी खासियत इसका धीमे-धीमे पकना। जब बासमती चावल की खुशबू, खड़े मसाले, केसर और मटन के रसीले टुकड़े एक साथ हांडी में दम पर पकते हैं, तो एक ऐसा जादू बिखरता है जिसकी खुशबू मात्र से ही भूख दोगुनी हो जाती है। मटन का गाढ़ा जूस जब चावल के दानों में पूरी तरह समा जाता है, तो हर निवाले में एक बेमिसाल स्वाद मिलता है। ये बातें सुनकर आपके मुंह में भी पानी जरूर आ गया होगा। तो बिना देरी के फटाफट नोट कर लें मटन बिरयानी की सिंपल रेसिपी।
सामग्री
- मटन: 500 ग्राम
- बासमती चावल: 500 ग्राम
- प्याज: 3 बड़े (लंबे कटे हुए, तलकर बरिश्ता बनाने के लिए)
- दही: 1 कप (फेंटा हुआ)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 2 बड़े चम्मच
- बिरयानी मसाला: 2 बड़े चम्मच
- साबुत गरम मसाले: तेजपत्ता, दालचीनी, लौंग, इलाइची, शाहजीरा
- पुदीना और हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- दूध और केसर: 2 चम्मच दूध में भीगा हुआ केसर
- तेल/घी: आवश्यकतानुसार
- नमक और मिर्च पाउडर: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
स्टेप 1
एक बड़े बर्तन में मटन लें। इसमें दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, बिरयानी मसाला, लाल मिर्च पाउडर, नमक, थोड़ा सा पुदीना, हरा धनिया और तला हुआ आधा प्याज डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसे कम से कम 1 से 2 घंटे के लिए मैरिनेट होने के लिए रख दें।
स्टेप 2
एक बड़े पतीले में पानी उबालें। इसमें साबुत गरम मसाले, नमक और थोड़ा सा तेल डालें। अब भीगे हुए बासमती चावल डालें और उन्हें केवल 70-80% तक ही पकाएं। इसके बाद चावल का पानी छानकर उन्हें अलग रख लें।
स्टेप 3
एक भारी तले के बर्तन में घी या तेल गरम करें। इसमें मैरिनेट किया हुआ मटन डालें और तेज आंच पर 5 मिनट भूनें। इसके बाद थोड़ा पानी डालकर मटन को धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक वह 80% तक गल न जाए।
स्टेप 4
अब पके हुए मटन के ऊपर पके हुए चावल की एक लेयर बिछाएं। चावल के ऊपर बचा हुआ बरिश्ता, कटा हुआ पुदीना, हरा धनिया और केसर वाला दूध डालें। ऊपर से एक चम्मच घी भी डाल दें।
स्टेप 5
बर्तन के मुंह को आटे की लोई से या एल्युमिनियम फॉयल से अच्छी तरह सील कर दें ताकि भाप बाहर न निकले। इसे तवे पर रखकर धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट के लिए दम पर पकाएं। जब ये पक जाएं तो इसे रायते के साथ सर्व करें।
Latest Lifestyle News