साउथ इंडियन खाना कम तेल मसाले वाला होता है। यही वजह है कि वेट लॉस डाइट में इसे आसानी से शामिल किया जा सकता है। एक्टर एक्ट्रेस भी साउथ इंडियन डिश खाना पसंद करते हैं। एक्ट्रेस कैटरीना कैफ तो नीर डोसा की दीवानी हैं। उडुपी का नीर डोसा बहुत ही फेमस है। ये खाने में रुई सा मुलायम लगता है। आप इसे चावल से फटाफट तैयार कर सकते हैं। घर में आसानी से मिनटों में नीर डोसा बनाकर तैयार किया जा सकता है। नीर डोसा इसका नाम इसलिए रखा गया है कि इसका बैटर नीर यानि पानी जैसा पतला बनाया जाता है। नीर डोसा बनाने के लिए इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें।
नीर डोसा रेसिपी
पहला स्टेप- नीर डोसा बनाने के लिए 1 कप चावल लें। आप रोजाना खाने में इस्तेमाल होने वाले चावल का इस्तेमाल कर सकते हैं। चावल को 2-3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद सारा पानी निकालकर अच्छी तरह वॉश कर लें।
दूसरा स्टेप- अब भीगे हुए चावल का पानी निकालकर उन्हें मिक्सी में डालकर पीस लें और बारीक पेस्ट बना लें। चावल के पीसते वक्त इसमें 2 चम्मच ग्रेट किया हुआ कच्चा नारियल मिला दें। पिसे हुए मिक्सचर में नमक मिलाएं और पानी डालकर पतला कर लें।
तीसरा स्टेप- नीर डोसा के लिए बैटर एकदम पानी जैसा पतला होना चाहिए। इससे डोसा ज्यादा मुलायम बनता है। अब डोसा पैन को गर्म कर लें और इसे तेल से ग्रीस कर लें। तवे पर डोसा बैटर फैलाएं और इसे कवर करके 1 मिनट के लिए पकने दें। डोसा को पतला ही फैलाना है और एक तरफ से सेंकने के बाद डोसा को उतार लें।
चौथा स्टेप- नीर डोसा को मीडियम फ्लेम पर सेंक कर तैयार करें। वैसे नीर डोसा का एक तरफ से सेंक कर ही बनाया जाता है। लेकिन आप चाहें तो इसे दोनों साइड से भी सेंक सकते हैं। तैयार है एकदम स्वादिष्ट उडुपी स्टाइल नीर डोसा।
इसे सांभर, नारियल चटनी या टमाटर की चटनी के साथ खाएं। नाश्ता, लंच या डिनर में आप ये डोसा आसानी से बनाकर खा सकते हैं। बिना तेल के भी नीर डोसा बनाया जा सकता है।
Latest Lifestyle News