1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कॉर्न और प्याज की ये क्रंची रेसिपी मॉनसून को बना देगी और भी मज़ेदार, सुबह नाश्ते में गरमागरम चाय के साथ उठाएं लुत्फ, नोट करें विधि

कॉर्न और प्याज की ये क्रंची रेसिपी मॉनसून को बना देगी और भी मज़ेदार, सुबह नाश्ते में गरमागरम चाय के साथ उठाएं लुत्फ, नोट करें विधि

अगर आपको बारिश में कुछ चटपटा और मसालेदार नाश्ता करने का मन कर रहा है तो आप सुबह सुबह कॉर्न और प्याज का ये स्वाद से भरपूर रेसिपी ज़रूर ट्राई करें।

कॉर्न और प्याज के पकोड़े - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कॉर्न और प्याज के पकोड़े

बारिश के मौसम में सुबह सुबह कुछ ऐसा नाश्ता करने का मन करता है कि स्वाद आ जाए। अगर आपको भी इस मानसून सीजन में कुछ चटपटा खाने का मन कर रहा है तो आप कॉर्न और प्याज के कुरकुरे पकोड़े बना सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है और चाय के साथ यह कॉम्बिनेशन बेहद लाजवाब है। तो, चलिए, जानते हैं कैसे बनाएं कॉर्न पकौड़ा?

कॉर्न और प्याज के पकोड़े के लिए सामग्री:

1 कप उबले हुए कॉर्न, 2 प्याज बारीक कटे हुए, आधा कप बेसन, 2 बड़े चम्मच चावल का आटा, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 1 हरी मिर्च, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी, आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर, नमक स्वादानुसार, तलने के लिए तेल

कॉर्न और प्याज के पकोड़े बनाने की विधि

  • पहला स्टेप: सबसे पहले कॉर्न को अच्छी तरह से उबाल लें। जब कॉर्न उबल जाए तो उसे दरदरा पीस लें। अब, एक कटोरे में पीसे हुए कॉर्न, बारीक कटे हुए प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च और सूखे मसाले डालें और कुछ कॉर्न के दाने भी मिक्स कर दें। अब इसमें बेसन और चावल का आटा डालकर अच्छी तरह से मिला लें। ध्यान रखें मिश्रण की कंसिस्टेंसी ज़्यादा गाढ़ी या बहुत ज़्यादा पतली नहीं होनी चाहिए। मिश्रण पकोड़े बनाने लायक गाढ़ा होना चाहिए।

  • दुसरा स्टेप: अब गैस ऑन कर, एक कड़ाही रखें और उसमें तेल डालकर गरम करें। जब तेल अच्छी तरह गरम हो जाए, तो इसमें मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से डालकर मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें। पकोड़ों को दोनों तरफ से पलटकर अच्छी तरह पकाएं ताकि वे अंदर तक कुरकुरे हो जाएं। जब पकोड़े सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें तेल से निकाल कर एक प्लेट में टिशू पेपर पर रखें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए।

  • तीसरा स्टेप: अब, गरमागरम कॉर्न और प्याज के पकोड़े को हरी चटनी या टोमेटो केचप के साथ चाय के साथ परोसें और बारिश के मौसम में उसका लुत्फ उठाएं। 

Latest Lifestyle News