1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सुबह नाश्ते में बनाएं हाई प्रोटीन काले चने का डोसा, स्वाद के साथ मिलेगी भरपूर एनर्जी, नोट करें रेसिपी

सुबह नाश्ते में बनाएं हाई प्रोटीन काले चने का डोसा, स्वाद के साथ मिलेगी भरपूर एनर्जी, नोट करें रेसिपी

अगर आप सुबह के नाश्ते में हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर विकल्प तलाश रहे हैं, तो काले चने का डोसा एक बेहतरीन रेसिपी है। फाइबर और प्रोटीन से भरपूर यह डोसा लंबे समय तक पेट भरा रखता है, शरीर को भरपूर एनर्जी देता है

काले चने का डोसा रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE - @KANAK'S KITCHEN काले चने का डोसा रेसिपी

डोसा आमतौर पर चावल का बनाया जाता है लेकिन क्या आपने काले चने का डोसा खाया है? यह न केवल स्वाद में लाजवाब लगता है बल्कि हाई प्रोटीन से भरपूर होता है। सुबह के समय हाई प्रोटीन नाश्ता सबसे बेहतरीन विकल्प होता है। तो सुबह के समय अगर आप भी हेल्दी नाश्ता करना चाहते हैं तो काले चने का डोसा बना सकते हैं।

काला चना डोसा बनाने के लिए सामग्री:

काला चना आधा कप, अदरक आधा इंच, हरी मिर्च 2, लहसुन की कलियाँ 6-7, जीरा 1 छोटा चम्मच, नमक स्वादानुसार, ताज़ा धनिया मुट्ठी भर, सूजी आधा कप, दही आधा कप, कड़ी पत्ता दस से बारह , पानी 1 कप, तेल पकाने के लिए

डोसा बनाने की विधि

  • डोसा का बैटर बनाने के लिए सबसे पहले चने को रात भर भिगो दें। सुबह चने को अच्छी तरह से धोएं फिर भीगे हुए चने को मिक्सर जार में डालें। अब उसमें अदरक, हरी मिर्च, लहसुन, जीरा, नमक, धनिया पत्ती, सूजी, दही, कड़ी पत्ता और पानी के साथ मिलाकर एकदम स्मूथ पीस लें। आपका डोसा बैटर तैयार है। बैटर को कम से कम 20 मिनट के लिए ऐसे ही रख दें।

  • मीडियम आँच पर तवा गरम करें। ज़रूरत हो तो तवे पर थोड़ा तेल लगा सकते हैं। तवे के बीच में एक कलछी भर बैटर डालें। कलछी के पिछले हिस्से का इस्तेमाल करके, बैटर को गोल-गोल घुमाते हुए फैलाएँ ताकि पतला डोसा बन जाए।

  • डोसे के किनारों पर और ऊपर थोड़ा तेल या घी डालें। इसे तब तक पकाएँ जब तक कि निचला हिस्सा सुनहरा भूरा और कुरकुरा न हो जाए। जब डोसा पक जाए, तो उसे तवे से उतार लें और दही-चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें। अगर आपको अलग अलग फ्लेवर का डोसा पसंद है तो आप कटहल का डोसा भी ट्राई कर सकते हैं इसका स्वाद भी गजब लगता है 

दही की चटनी कैसे बनाएं?

चटनी बनाने के लिए, सिल-बट्टे या खलबट्टे में लहसुन की कुछ कलियाँ, हरी मिर्च, जीरा और नमक डालकर कूट लें। आप चाहें तो मिक्सर ग्राइंडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब इसमें पुदीने की पत्तियां, धनिया की पत्तियां, थोड़ा नमक और हल्दी पाउडर मिलाएं। इस चटनी के मिश्रण को 1 कप दही में मिलाएं और साथ ही कद्दूकस किया हुआ खीरा और थोड़ा सरसों का तेल भी डालें। इन सबको अच्छी तरह मिला लें। दही-चटनी तैयार है

Latest Lifestyle News