अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो सेवई उपमा बना सकते है। दरअसल, जब भी उपमा बनाने की बात होती है तो नाश्ते में ज़्यादातर लोग साउथ इंडिया स्टाइल सूजी का उपमा बनाते हैं। लेकिन सेवई का उपमा भी स्वाद में कम टेस्टी नहीं लगता है। साथ ही यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और इसमें सब्जियों का इस्तेमाल होने से इसका पोषण भी बढ़ जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।
सेवई उपमा बनाने के लिए सामग्री
एक कप सेवई, एक प्याज, गाजर, आधा शिमला मिर्च, एक हरी मिर्च, आधा चम्मच राई, आधा चम्मच जीरा, दो चम्मच मूंगफली, चार पांच काजू, आधा चम्मच उड़द की दाल, आधा चम्मच चने की दाल, करी पत्ता, हल्दी आधा चम्मच, नमक स्वाद अनुसार
कैसे बनाएं सेवई उपमा?
-
पहला स्टेप: सेवई उपमा बनाने के लिए सबसे पहले, गाजर, प्याज, शिमला मिर्च और हरी मिर्च जैसी सब्जियों को एकदम बारीक चॉप कर लें। अब, एक कप सेवई को गैस ऑन कर अच्छी तरह से भूनें। सेवई को तब तक भूनना है जब तक वह ब्राउन न हो जाए। जब वह भून जाए तो एक अलग बर्तन में निकाल लें।
-
दूसरा स्टेप: अब उसी कड़ाही में तेल डालें और फिर उसमें जीरा सरसो , करी पत्ता, काजू, चने की दाल और उड़द की दाल से तड़का दें। जब ये सब हल्के ब्राउन होने लगे तब इसमें मूंगफली डालें और ब्राउन होने तक पकाएं। जब मूंगफली पक जाए तब उसमें प्याज डालें।
-
तीसरा स्टेप: अब प्याज को भी हल्का ब्राउन होने तक पकाएं। उसके बाद सभी सब्जियों को पकाएं। सब्जियां जब अस्सी प्रतिशत पक जाएं तब उसमें हल्दी, नमक और सेवइयां डालें और आपस में मिलाकर पानी डालें। अब एक बर्तन से इसे ढक दें।
-
चौथा स्टेप: अब दस मिनट तक मीडियम आंच पर सेवइयों को पकने दें। दस मिनट के बाद ढक्कन हटाकर देखें। अगर पानी अब भी थोड़ा बहुत बचा हुआ है तो उसे खत्म होने दें। जब पानी एकदम खत हो जाए और सेवइयां अलग अलग हो जाएं तो गैस बंद कर दें।
-
पांचवां स्टेप: अब आखिर में सेवइयों को हरी धनियां से गार्निश करें और गरम गरम प्लेट में परोसें