बाथरूम एक ऐसी जगह है जहां नमी और वेंटिलेशन की कमी के कारण अक्सर फफूंदी लग जाती है। फफूंदी की वजह से दीवारों और टाइल्स पर कालापन जम जाती है। जो न केवल देखने में खराब लगती है, बल्कि सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकती है। इससे सांस से जुड़ी बीमारियां और एलर्जी हो सकती है। इससे छुटकारा पाने के लिए लोग अलग अलग तरह के उपाय ढूंढते रहते हैं। अगर आपके बाथरूम की दीवारों पर भी फफूंदी लग गई है, तो घबराने की ज़रूरत नहीं है। आप कुछ आसान और असरदार उपायों के जरिए इससे छुटकारा पा सकते हैं।
1. सफ़ेद सिरका
सफेद सिरका का इस्तेमाल कर आप दीवार पर लगी फफूंदी से छुटकारा पा सकते हैं। सिरका एक नेचुरल एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल एजेंट है। इसे इस्तेमाल करने के लिए सिरके को बिना पानी मिलाए एक स्प्रे बोतल में भरें। इसे फफूंदी लगी दीवार पर छिड़कें और 1 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद, स्क्रबर या पुराने टूथब्रश की मदद से सतह को रगड़कर साफ करें और गर्म पानी से धो लें।
2. बेकिंग सोडा और सिरके का पेस्ट
जिद्दी फफूंदी को हटाने में बेकिंग सोडा बेहद कारगर माना जाता है। इसके लिए एक बर्तन में आधा कप बेकिंग सोडा लें और उसमें थोड़ा पानी या सिरका मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को फफूंदी वाली जगह पर लगाएं और 15-20 मिनट तक लगा रहने दें। फिर ब्रश से रगड़कर साफ करें और पानी से धो लें।
3. टी ट्री ऑयल
फफूंदी हटाने के लिए आप टी ट्री ऑयल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए 1 कप पानी में 1 छोटा चम्मच टी ट्री ऑयल मिलाएं। इसे स्प्रे बोतल में भरकर फफूंदी पर छिड़कें। इसे धोने की ज़रूरत नहीं होती, क्योंकि यह फफूंदी को दोबारा उगने से रोकता है।
4. हाइड्रोजन पेरोक्साइड
यह फफूंदी को जड़ से खत्म करने के साथ-साथ दाग-धब्बों को भी हल्का करता है। इसके लिए हाइड्रोजन पेरोक्साइड घोल को स्प्रे बोतल में डालकर फफूंदी पर स्प्रे करें। 10-15 मिनट बाद स्क्रब करके पानी से धो लें।
फफूंदी को दोबारा आने से कैसे रोकें?
वेंटीलेशन ठीक करें: नहाने के बाद बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन कम से कम 15-20 मिनट तक चलाकर रखें।
दीवारों को सूखा रखें: नहाने के बाद वाइपर से दीवारों और फर्श का पानी साफ कर दें।
नियमित सफाई: हफ्ते में कम से कम एक बार सिरके के पानी से दीवारों को पोंछें।