दिवाली का त्योहार नजदीक है और इस मौके पर घरों में तरह-तरह की मिठाइयां आती हैं। हममें से ज्यादातर लोग बाजार से मिठाई खरीदकर लाते हैं। लेकिन इन दिनों बाजार में मिलावटी मिठाइयां खूब बिक रही है। ऐसे में इस बार बाजार की मिलावटी मिठाइयों से बचने के लिए घर पर ही मिठाइयां बना सकते हैं। हम यहां एक ऐसी मिठाइ की रेसिपी लेकर आए हैं जिसे सिर्फ बादाम की मदद से तैयार किया जा सकता है। ये मिठाई मेहमानों के लिए बेस्ट है। हम यहां जिस मिठाई की बात कर रहे हैं उसका नाम बादाम रोल है। इसे बनाना बेहद आसान है। इसे देखते ही मेहमानों के मुंह में पानी आ जाएगा। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री
- बादाम: 2 कप (रातभर भिगोए हुए और छिले हुए)
- चीनी: 1 कप
- पानी: आधा कप
- मिल्क पाउडर: आधा कप
- देशी घी: 2 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- केसर के धागे: 10-12 (एक चम्मच गर्म दूध में भिगोए हुए)
- चांदी का वर्क
बादाम रोल बनाने का तरीका
बादाम का पेस्ट तैयार करें: सबसे पहले छिले हुए बादामों को मिक्सी के जार में डालें। इसमें थोड़ा सा दूध या पानी मिलाकर बिल्कुल बारीक और चिकना पीस लें। ध्यान रहे कि बादाम में दरदरापन नहीं होना चाहिए।
चाशनी बनाएं: एक नॉन-स्टिक पैन में चीनी और पानी डालकर गैस पर मध्यम आंच पर रखें। इसे तब तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह घुल जाए और एक तार की चाशनी तैयार न हो जाए।
मिश्रण पकाएं: अब चाशनी में पिसा हुआ बादाम का पेस्ट डालें और लगातार करछी से चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें। आंच को धीमा रखें।
मिल्क पाउडर और घी मिलाएं: जब बादाम का पेस्ट थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब इसमें मिल्क पाउडर, इलायची पाउडर और केसर वाला दूध मिला दें। अब इसमें धीरे-धीरे घी डालते जाएं।
डो तैयार करें: मिश्रण को तब तक भूनें जब तक वह पैन छोड़ने लगे और एक चिकने डो की तरह इकट्ठा न हो जाए। इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।
रोल का आकार दें: हाथों पर थोड़ा सा घी लगाकर मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें। अब इसे बेलनाकार शेप में लंबा कर लें।
गार्निश करें और कटिंग करें: लास्ट में इस पर चांदी का वर्क लगाएं और मनचाहे आकार में काट लें।
Latest Lifestyle News