शाम की चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट और कुरकुरा मिल जाए तो इससे अच्छी बात और कुछ हो ही नहीं सकती। शाम के वक्त अक्सर हमलोगों का मन कुछ चटपटा खाने का करता है लेकिन समझ नहीं आता कि क्या खाया जाए। अगर आप भी स्वाद और सेहत दोनों का ध्यान रखना चाहते हैं, कुछ खस्ता खाना चाहते हैं तो गेहूं के आटे से बनी कचौरी बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यह बाहर से जितनी खस्ता और कुरकुरी होती है, अंदर से उतनी ही मसालेदार और टेस्टी बनती है। यहां हम आपके लिए आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- गेहूं का आटा: 2 कप
- सूजी: 2 बड़े चम्मच
- मोयन के लिए तेल या घी: 4 बड़े चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- अजवाइन: आधा छोटा चम्मच
- उबले हुए आलू: 3 मीडियम साइज
- बारीक कटी हरी मिर्च: 2
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर: 1 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- गरम मसाला: आधा छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर या चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच
- कसूरी मेथी: 1 छोटा चम्मच
- बारीक कटा हरा धनिया
- तेल: स्टफिंग भूनने और कचौरी तलने के लिए
- नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
स्टेप 1: एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी, अजवाइन और नमक मिलाएं। इसमें मोयन के लिए गर्म तेल डालकर अच्छी तरह दोनों हाथों से मलें। जब मुट्ठी बंधने लगे, तब गुनगुना पानी डालते हुए पूरी के आटे जैसा थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें। इसे 15 मिनट के लिए ढककर रख दें।
स्टेप 2: अब एक पैन में 1 छोटा चम्मच तेल गरम करें। उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें। अब इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला और अमचूर पाउडर डालकर कुछ सेकेंड भूनें। इसके बाद उबले हुए मैश किए आलू, कसूरी मेथी और नमक मिलाएं। 2-3 मिनट भूनने के बाद ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें।
स्चेप 3: आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें। एक लोई को हथेली से बीच में गहरा करते हुए कटोरी का आकार दें। इसमें स्टफिंग की एक छोटी बॉल रखें और किनारों को आपस में बंद करते हुए गोल लोई का शेप दें। हथेलियों से हल्का चपटा कर लें।
स्टेप 4: इसके बाद एक कढ़ाई में तलने के लिए तेल गरम करें। तेल बहुत ज्यादा गरम नहीं होना चाहिए। कचौरियों को तेल में डालें और धीमी आंच पर सुनहरा और खस्ता होने तक तलें। बीच-बीच में पलटते रहें ताकि दोनों तरफ से समान रूप से सिक जाए।
स्टेप 5: गरमा-गरम खस्ता कचौरियों को हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी और गरमा-गरम चाय के साथ सर्व करें।
Latest Lifestyle News