1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. राजस्थानी काजू दाख, शादी और त्योहारों पर बनती है ये खास काजू-किशमिश वाली सब्जी, आसान है रेसिपी

राजस्थानी काजू दाख, शादी और त्योहारों पर बनती है ये खास काजू-किशमिश वाली सब्जी, आसान है रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Oct 28, 2026 02:34 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 02:34 pm IST

त्योहार पर कुछ शाही खाना है तो काजू दाख बनाकर खाएं। ये रॉयल सब्जी राजस्थान में शादी या किसी त्योहार पर बनाई जाती है। इसका रिच क्रीमी और तीखा मीठा स्वाद खाने में बहुत अच्छा लगता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। यहां जानें काजू दाख की रेसिपी।

काजू दाख रेसिपी- India TV Hindi
काजू दाख रेसिपी Image Source : INDIA TV

राजस्थान और गुजरात के खाने में हल्की मिठास होती है। इसी मिठास वाली सब्जी को यहां खास त्योहारों पर बनाया जाता है। इस सब्जी को राजस्थानी काजू दाख कहते हैं जिसे काजू और किशमिश से तैयार किया जाता है। इस सब्जी का हल्का खट्टा मीठा स्वाद इस रिच फ्लेवर देता है। जब कुछ अच्छा खाने का मन हो तो शाही अंदाज में बनी काजू दाख ट्राई कर सकते हैं। तो फटाफट नोट कर लीजिए काजू दाख की रेसिपी।

काजू दाख बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- सब्जी बनाने के लिए 2 बड़े टमाटर और 2 बड़े प्याज को मोटा-मोटा काट लें। 1 मोटी हरी मिर्च और 1 इंच अदरक का टुकड़ा लें। इसके लिए करीब 15-20 कली लहसुन को छीलकर रख लें। आधा कटोरी काजू और आधा छोटी कटोरी किशमिश लें।

दूसरा स्टेप- अब पैन में 1 चम्मच देसी घी डालें और उसमें काजू को हल्का फ्राई कर लें। अब काजू निकाल लें और इसी पैन में साबुत गरम मसाला, 1 हरी इलायची और लहसुन डाल दें। लहसुन को हल्का फ्राई होने के बाद इसमें कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर भूनें। 

तीसरा स्टेप- प्याज को हल्का भूनने के बाद इसमें टमाटर डाल दें। इसमें आधा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा चम्मच नमक, एक चौथाई लाल मिर्च का पाउडर डालें और सारी चीजों को मिलाकर धीमी आंच पर भूनते रहें। इसमें थोड़े धनिया के डंठल डालें और आधा कप पानी डालकर गलने तक पकाएं।

चौथा स्टेप- इस मसाले को ठंडा होने दें। दूसरे ओर 10-12 काजू को पानी में भिगो लें। अब भीगे काजू को मिक्सर में डालें और ऊपर से 2 चम्मच नारियल का बुरादा डालें और बारीक पीस लें। अब तैयार प्याज वाले मसाले को भी मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें।

पांचवां स्टेप- कड़ाही में तेल डालें और इसमें जीरा, हींग डालकर एक छोटा प्याज बारीक काटकर डाल दें। प्याज भुन जाए तो पिसा मसाला डाल दें और सूखे मसाले जैसे कश्मीरी लाल मिर्च, नमक, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर डाल दें। मसाले अपने स्वाद से हिसाब से रखें और हल्का भूनने के बाद इसमें 1 कप पानी डाल दें।

छठवां स्टेप-अब ग्रेवी को अच्छी तरह से भून लें और भूनने के बाद इसमें काजू वाला पेस्ट डाल दें। ग्रेवी को कलर आने तक पकाएं। अब इसमें भुने काजू और किशमिश डालकर कुछ देर के लिए सब्जी को और पकाएं। जब सब्जी तेल छोड़ने लगे तो इसमें बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। इस सब्जी का मीठा तीखा स्वाद लाजवाब लगता है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।