दिवाली का त्योहार गुजिया के बिना अधूरा लगता है। बाहर से कुरकुरी और अंदर से खोये की मीठी स्टफिंग से भरपूर ये गुजिया खाने में बेहद लाजवाब लगती हैं। ख़ास बात यह है कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। तो, अगर आपने अभी तक मावा की गुजिया रेसिपी नहीं बनाई है तो आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
मावा गुजिया बनाने के लिए सामग्री:
-
आटे के लिए सामग्री: मैदा 2 कप, घी 1 बड़ा चम्मच, पानी ज़रूरत के अनुसार
-
स्टफिंग के लिए सामग्री: सूखा नारियल आधा कप, सूजी आधा कप, काजू 4 बड़े चम्मच, बादाम 2 बड़े चम्मच, पिस्ता 4 बड़े चम्मच, मावा 1 कप, इलायची पाउडर 1 छोटा चम्मच, पिसी हुई चीनी आधा कप, तलने के लिए कुकिंग ऑयल, घी 2 बड़े चम्मच
मावा गुजिया बनाने की विधि
-
पहला स्टेप: मावा गुजिया बनाने के लिए सबसे पहले गैस ऑन करें और उसपर एक कड़ाही रखें। इस कड़ाही में आधा कप सूखा नारियल और आधा कप सूजी अलग अलग ब्राउन होने तक भून लें। उसके बाद कड़ाही में एक चम्मच घी डालकर उसमें कद्दूकस किया हुआ काजू, बादाम और पिस्ता को भी अच्छी तरह से भून लें।
-
दूसरा स्टेप: अब भूनें हुए ड्राइफ्रूट्स में मावा को डालें और मेल्ट होने तक अच्छी तरह से मिलाएं। जब ये अच्छी तरह मिल जाए तो उसमें भुना हुआ सूजी, सूखा नारियल, इलायची पाउडर और पिसी हुई चीनी भी आपस में मिलाएं। अब इसे एक बर्तन में निकालकर रख दें।
-
तीसरा स्टेप:अब उसके बाद मैदा में 1 बड़ा चम्मच घी डालकर उसका मोयन बना लें। इससे गुजिया खस्ता बनती है। जब घी मैदे में अच्छी तरह मिल जाए तब उसमें ज़रूरत के अनुसार पानी डालकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें।
-
चौथा स्टेप: अब आटे से लोई निकालकर रोटी की तरह बेलें फिर उसे सांचे पर रखें और गुजिया का भरावन डालें और फिर शेप देकर काट लें। इस तरह सब गुजिया बना लें।
-
पांचवां स्टेप: अब कड़ाही में तेल गर्म कर गुजिया डालें और मीडियम आंच पर ब्राउन होने तक तल लें। आपकी मावा वाली गुजिया बनकर तैयार है। इसे एक एयर टाइट कंटेनर में रखें और गर्म गर्म गुजिया का लुत्फ़ उठाएं। इसके अलावा, आप घर पर बेसन की दानेदार बर्फी भी बना सकते हैं, नोट करें इसकी विधि
Latest Lifestyle News