दिवाली का त्योहार मिठाइयों के बिना अधूरा माना जाता है। बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट होती है। ऐसे में इस दीवाली आप घर पर ही मिठाई बना सकते हैं। त्योहार के खास मौके पर आप घर पर ही हलवाई जैसा दानेदार मिल्क केक बना सकते हैं। यह खाने में बेहद स्वादिष्ट होता है और मेहमानों को बी खूब पसंद आता है। यहां दानेदार मिल्क केक बनाने की रेसिपी दी गई है।
सामग्री
- फुल क्रीम दूध: 2 लीटर
- चीनी: 1 कप
- नींबू का रस या टाटरी: 1 छोटा चम्मच
- घी: 3-4 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
मिल्क केक बनाने का तरीका
दूध को उबालें: सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई या पैन लें। इसमें फुल क्रीम दूध डालकर गैस पर तेज आंच पर उबलने के लिए रख दें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो गैस की आंच को मध्यम कर दें।
दूध को गाढ़ा करें: दूध को लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक कि वह जलकर आधा न हो जाए। कढ़ाई के किनारों पर मलाई न जमने दें, उसे खुरचकर वापस दूध में मिलाते रहें।
दानेदार टेक्सचर बनाएं: अब नींबू के रस में 2 चम्मच पानी मिलाकर हल्का पतला कर लें। इस मिश्रण को उबलते हुए दूध में धीरे-धीरे डालें। दूध में हल्के दाने बनने लगेंगे। ध्यान रहे, दूध को पूरी तरह पनीर नहीं बनाना है, सिर्फ हल्का दानेदार करना है।
चीनी मिलाएं: जब दूध गाढ़ा होकर मावे की फॉर्म में आने लगे, तब इसमें धीरे-धीरे चीनी मिलाएं। चीनी डालने के बाद मिश्रण थोड़ा पतला हो जाएगा, इसलिए इसे लगातार चलाते रहें ताकि यह कढ़ाई के तले में चिपके नहीं।
घी का इस्तेमाल करें: अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके घी डालें। घी डालने से मिल्क केक में बढ़िया चमक आएगी और यह कढ़ाई छोड़ने लगेगा। इसे तब तक भूनें जब तक कि इसका रंग हल्का भूरा (कैरेमल शेड) न हो जाए।
सेट करें: गैस बंद कर दें और इसमें इलायची पाउडर मिला लें। अब एक घी लगी हुई टिन या कंटेनर में इस मिश्रण को डालें। इसे अच्छी तरह से दबाकर सेट कर लें।
गर्माहट में रखें: मिल्क केक का अंदरूनी हिस्सा भूरा और पारंपरिक रंग का तभी बनता है जब इसे गर्माहट मिले। इसके लिए डिब्बे को किसी मोटे तौलिए या गर्म कपड़े से लपेटकर 5 से 6 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें।
काटें और परोसें: मिल्क केक सेट हो जाए तो इसे काटें और परोसें।
Latest Lifestyle News