1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. दिवाली पर बनाएं दानेदार बेसन के लड्डू, शुद्ध घी से करें तैयार, नोट कर लें आसान रेसिपी

दिवाली पर बनाएं दानेदार बेसन के लड्डू, शुद्ध घी से करें तैयार, नोट कर लें आसान रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Nov 04, 2026 07:25 am IST,  Updated : Nov 04, 2026 07:25 am IST

दिवाली का त्योहार हो और घर में मिठाइयों की खुशबू न आए, ऐसा कैसे हो सकता है। इस खास मौके पर लोग तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनाते हैं। हालांकि, त्योहारों के दौरान बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट भी रहती है। ऐसे में आप घर पर ही शुद्ध बेसन और देसी घी से स्वादिष्ट लड्डू तैयार कर सकते हैं।

बेसन लड्डू रेसिपी- India TV Hindi
बेसन लड्डू रेसिपी Image Source : INDIA TV

दिवाली पर घर में आसानी से बेसन के लड्डू तैयार कर सकते हैं। बेसन के लड्डू बनाना काफी आसान है। आप इन्हें 2-3 पहले ही बनाकर स्टोर कर सकते हैं, जिससे दिवाली के दिन आपका काम हल्का रहेगा। बाजार जैसे दानेदार और स्वादिष्ट बेसन के लड्डू बनाने के लिए एक छोटी-सी ट्रिक अपनानी होगी। लड्डू बनाते समय बेसन में थोड़ी सूजी मिलाएं। सूजी से लड्डुओं में हल्का कुरकुरापन और दानेदार टेक्सचर आता है। देसी घी की खुशबू और ड्राई फ्रूट्स का स्वाद इन्हें और भी खास बना देता है। आइए जानते हैं घर पर बेसन के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी।

बेसन के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

  • बेसन – 1 किलो
  • बूरा या पिसी हुई चीनी – 1 किलो
  • देसी घी – 700 से 800 ग्राम
  • सूजी – 7-8 बड़े चम्मच (मोटा बेसन इस्तेमाल करने पर 1 चम्मच भी पर्याप्त हो सकता है)
  • बादाम, काजू और पिस्ता – पसंद के अनुसार
  • इलायची पाउडर – स्वादानुसार 

दानेदार बेसन के लड्डू बनाने की विधि

1- सबसे पहले बेसन को अच्छी तरह भूनें

एक भारी तली वाली कड़ाही लें और उसमें देसी घी डालकर गर्म करें। घी पिघलने पर बेसन डालें और लगातार चलाते हुए भूनना शुरू करें। शुरुआत में आंच थोड़ी तेज रख सकते हैं, लेकिन बेसन को लगातार चलाते रहें ताकि वह नीचे से चिपके या जले नहीं। जब बेसन घी के साथ अच्छी तरह मिल जाए और उसका मिश्रण थोड़ा पतला होने लगे, तो आंच मध्यम कर दें।

2- बेसन को खुशबू आने तक पकाएं

बेसन को धीमी-मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए सुनहरा भूरा होने तक भूनें। जब बेसन से अच्छी खुशबू आने लगे, उसका रंग बदल जाए और घी अलग दिखाई देने लगे, तो समझ लें कि बेसन अच्छी तरह भुन चुका है। अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को बीच-बीच में चलाते रहें।

3- सूजी को अलग से भून लें

लड्डुओं को बाजार जैसा दानेदार बनाने के लिए सूजी का इस्तेमाल करें। एक छोटे पैन में थोड़ा घी गर्म करें और उसमें सूजी डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद भुनी हुई सूजी को बेसन के मिश्रण में अच्छी तरह मिला दें।

4- बेसन ठंडा होने पर मिलाएं बूरा

अब भुने हुए बेसन को ठंडा होने दें। अगर जल्दी ठंडा करना चाहते हैं तो इसे किसी दूसरे बड़े बर्तन में निकाल सकते हैं। ध्यान रखें कि बेसन हल्का गर्म या गुनगुना होने के बजाय अच्छी तरह ठंडा हो जाए। इसके बाद इसमें छना हुआ बूरा डालकर अच्छी तरह मिलाएं। गर्म बेसन में बूरा डालने से मिश्रण ज्यादा पतला हो सकता है और लड्डू बांधने में परेशानी हो सकती है।

5- ड्राई फ्रूट्स डालकर तैयार करें मिश्रण

अब इसमें अपनी पसंद के कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता और इलायची पाउडर मिला दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि ड्राई फ्रूट्स पूरे मिश्रण में बराबर फैल जाएं।

6- तैयार करें स्वादिष्ट बेसन के लड्डू

अब थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ में लेकर गोल लड्डू बना लें। इसी तरह पूरे मिश्रण से लड्डू तैयार कर लें। लड्डुओं को कुछ देर खुला छोड़ दें, ताकि वे अच्छी तरह सेट हो जाएं।

कितने दिन तक स्टोर कर सकते हैं बेसन के लड्डू?

तैयार लड्डुओं को पूरी तरह ठंडा होने के बाद साफ और सूखे एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें। इन्हें नमी और पानी से बचाएं। सही तरीके से स्टोर करने पर बेसन के लड्डू करीब 10-15 दिन तक रखे जा सकते हैं। अगर लड्डुओं में खराब गंध, स्वाद या फफूंद नजर आए तो इन्हें न खाएं। इस दिवाली बाजार की मिठाई के बजाय घर पर बने देसी घी वाले बेसन के लड्डुओं से त्योहार की मिठास बढ़ाएं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।