नाश्ते में अलग-अलग तरह की चीजें खाना पसंद है तो आप एक बार गुजरात की फेमस डिश काठियावाड़ी खीचू बनाकर खाएं। ये खाने में स्वादिष्ट और बनाने में बहुत आसान है। बहुत कम सामान से इसे तैयार किया जा सकता है। फटाफट बनने वाले नाश्ते की लिस्ट में खीचू को शामिल किया जा सकता है। इसे बनाने में सिर्फ 10-15 मिनट का समय लगता है और पूरे परिवार के लिए हेल्दी और कम तेल मसाले वाला नाश्ता बनकर तैयार हो जाता है। अगर आपको भी काठियावाड़ी खीचू का स्वाद चखना है तो फटाफट नोट कर लें ये आसान रेसिपी।
काठियावाड़ी खीचू रेसिपी
सामग्री- आपको इसके लिए आधा कप ज्वार का आटा, आधा कप खट्टा दही, डेढ कप पानी, आधा चम्मच सफेद तिल, आधा चम्मच जीरा, एक चौथाई चम्मच हींग, एक चम्मच अदरक और मिर्च का पेस्ट, थोड़े करी पत्ता और हरा धनिया, एक चम्मच घी, आधा चम्मच मूंगफली का तेल, आधा चम्मच अचार मसाला और नमक, हल्दी चाहिए।
पहला स्टेप- सबसे पहले किसी बाउल में ज्वार का आटा लें। खट्टा दही लें और इसे पानी डालकर पतला कर लें। आप चाहें तो इसकी जगह छाछ का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। छाछ और ज्वार के आटे को व्हिस्कर की मदद से मिक्स कर लें। इसमें नमक और हल्दी डालकर मिला लें।
दूसरा स्टेप- अब एक कड़ाई में घी, हींग, जीरा, सफेद तिल, अदरक-मिर्च की पेस्ट और करी पत्ता डालें। इन सारी चीजों को अच्छी तरह से भून लें। अब इसमें छाछ और ज्वार के आटे वाला घोल डालें और मध्यम आंच पर पकाएं। इसे बीच-बीच में मिलाते जाएं, ध्यान रखें इसमें तुरंत गुठलियों पड़ने लगती हैं इसलिए इसे लगातार चलाते रहें।
तीसरा स्टेप- जब बैटर थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो गैस धीमी कर दें और ढक्कन से कवर करके इसे 3-5 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में ढक्कन खोलकर इसे मिक्स करते रहें और गाढ़ा होने पर गैस बंद कर दें। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें और इसे गर्मागरम सर्व करें।
खीचू को सर्व करते वक्त आप इसमें ऊपर से घी डाल दें। इसके ऊपर मूंगफली का तेल डालें और अचार का तीखा मसाला छिड़कें। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता हैं। नाश्ते में गर्म खीचू खाते ही आपको मजा आ जाएगा।
Latest Lifestyle News