1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर पर बनाएं ओट्स रोटी, स्वाद के साथ साथ सेहत के लिए भी है फायदेमंद

घर पर बनाएं ओट्स रोटी, स्वाद के साथ साथ सेहत के लिए भी है फायदेमंद

ओट्स की रोटी गेहूं की पारंपरिक रोटी का एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। ओट्स पोषक तत्वों, खासकर फाइबर से भरपूर होता हैं, जो इसे स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। आप इसकी रोटी बनाकर भरपूर फायदा उठा सकते हैं। यहां जान लें इसकी आसान सी रेसिपी।

घर पर बनाएं ओट्स रोटी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV घर पर बनाएं ओट्स रोटी

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहतमंद रहना किसी चुनौती से कम नहीं है। सेहत बनाने की शुरुआत हमेशा हमारी रसोई और हमारी थाली से होती है। अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, डायबिटीज को कंट्रोल करना चाहते हैं, या सिर्फ अपने परिवार को एक हेल्दी डाइट देना चाहते हैं, तो गेहूं की रोटी की जगह ओट्स की रोटी एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। ओट्स को आमतौर पर हम नाश्ते में दलिये या चीले के रूप में खाते हैं, लेकिन इसकी गरमा-गरम रोटियां न सिर्फ पेट भरती हैं, बल्कि स्वाद और सेहत का एक अनोखा संगम भी पेश करती हैं। ऐसे में चलिए जानते हैं आप घर पर ओट्स की रोटी कैसे बना सकते हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी। 

ओट्स रोटी बनाने की सामग्री

  • ओट्स: 1 कप
  • गुनगुना पानी
  • नमक: स्वादानुसार 
  • बारीक कटा हरा धनिया और हरी मिर्च

बनाने का तरीका 
स्टेप 1: सबसे पहले एक कप ओट्स को मिक्सर ग्राइंडर में डालें और एकदम बारीक पीस लें। फिर इसे छान लें ताकि दरदरा दाना अलग हो जाए। अगर आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा नमक, बारीक कटा धनिया और चुटकी भर हींग मिला सकते हैं।

स्टेप 2: ओट्स में ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए इसका आटा बांधना थोड़ा मुश्किल होता है। इसके लिए गुनगुने या हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल करें। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंध लें।

स्टेप 3: आटे को ढककर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि ओट्स पानी को अच्छे से सोख लें और आटा सेट हो जाए।

स्टेप 4: आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। ओट्स का सूखा आटा लगाकर इसे हल्के हाथों से बेलें। अगर रोटी किनारों से फट रही हो, तो आप किसी कटोरी या टिफिन के ढक्कन से इसे गोल काट सकते हैं।

स्टेप 5: तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें। रोटी को तवे पर डालें और दोनों तरफ से अच्छे से सेंक लें। फिर इसे गर्मागरम परोसें और इसका आनंद उठाएं। 

ओट्स रोटी के फायदे

वजन कंट्रोल करे 
ओट्स में भरपूर मात्रा में घुलनशील फाइबर होता है। इसे खाने के बाद पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे असमय भूख नहीं लगती और वजन कम करने में मदद मिलती है।

ब्लड शुगर के लिए
ओट्स का ग्लाइसेमिक इंडेक्स गेहूं के मुकाबले कम होता है। इसमें मौजूद 'बीटा-ग्लूकेन' फाइबर शरीर में कार्बोहाइड्रेट के अवशोषण को धीमा करता है, जिससे ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद है।

दिल की सेहत के लिए
ओट्स में मौजूद बीटा-ग्लूकेन बैड कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करने में मदद करता है। नियमित रूप से ओट्स की रोटी खाने से धमनियों में ब्लॉकेज का खतरा कम होता है और हार्ट सही रहता है।

Latest Lifestyle News