लौकी पेट और पाचन के लिए बेहतरीन सब्जी है। लौकी में भरपूर पानी और फाइबर होता है। लौकी की सब्जी, लौकी का रायता और लोग लौकी का जूस बनाकर पीते हैं। आयुर्वेद में लौकी के जूस को सेहत के लिए वरदान माना जाता है। आप बाजार से ताजा लौकी खरीदकर ले आएं और उसे एक बार काटकर चेक कर लें। अगर लौकी में किसी तरह का कड़वापन नहीं है तो आप इसका जूस निकाल सकते हैं। घर पर बिना मिक्सी के भी लौकी का जूस निकाला जा सकता है। अब जूस निकालने के बाद बची लौकी का स्वादिष्ट पराठा बनाकर खा सकते हैं। जी हां लौकी का पराठा खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। इससे खाने में फाइबर की मात्रा बढ़ जाती है। तो चलिए बिना देरी किए फटाफट नोट कर लें लौकी जूस बनाने की रेसिपी और बची हुई लौकी से लौकी का पराठा बनाने की रेसिपी।
लौकी का जूस कैसे निकालें
सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह से धो लें और फिर इसे चाकू की मदद से छील लें। अब एक कद्दूकस लें और लौकी को कद्दूकस कर लें। लौकी को मीडियम या बारीक साइड वाले छेद से कद्दूकस करें। इससे लौकी में ज्यादा जूस निकलेगा। अब सारी लौकी कद्दूकस कर लें और एक मसलिन का या कोई पतला सूती कपड़ा लें। इस कपड़े को किसी बाउल के ऊपर रखें और कपड़े में कद्दूकस की गई लौकी डालें। अब कपड़े को बंद करके लौकी को अच्छी तरह से निचोड़ दें। लौकी का सारी जूस मिनटों में निकल जाएगा। लौकी को अच्छी तरह से टाइट करके पूरा जूस निकाल दें। तैयार है लोकी का जूस इसे आप सुबह-सुबह पी लें।
लौकी का पराठा बनाने की रेसिपी
पहला तरीका- अब जो बची हई लौकी यानि लौकी का जो फाइबर बचा है उसे किसी प्लेट में निकाल लें। इसमें बारीक कटा हरा धनिया, बारीक कटी हरी मिर्च, नमक, धनिया पाउडर, चाट मसाला, थोड़ी बारीक पिसी लाल मिर्च का पाउडर मिलाएं। पराठे की स्टफिंग तैयार है। अब पराठे के लिए नरम आटा गूंथ लें। आटे की लोई को हल्का बड़ा करके उसमें तैयार की गई लौकी की स्टफिंग भर दें। अब पराठा बेल लें। पराठे को तवे पर डालकर दोनों तरफ से अच्छा गोल्डन ब्रोउन होने तक सेंक लें। इस तरह सारे पराठे बनाकर तैयार कर सकते हैं।
दूसरा तरीका- अगर आपके लौकी की पराठे फटने लगते हैं और सही से भरकर आपसे बनते नहीं हैं तो चिंता की बात नहीं है। आप लौकी को आटे में मिलाकर भी इससे पराठे बना सकते हैं। इसके लिए 1 कप आटा लें और उसमें लौका का जूस निकला हुआ मिश्रण डालें। अपने स्वाद के हिसाब से नमक, लाल मिर्ची, हरा धनिया, हरी मिर्च और दूसरे मसाले मिला लें। अब इस आटे से तिकोने या गोल कैसे भी पराठे बनाकर खा सकते हैं। ये पराठे बिल्कुल भी फटते नहीं हैं।
Latest Lifestyle News