सुबह की भागदौड़ में अक्सर हम ऐसा नाश्ता ढूंढते हैं जो फटाफट बन जाए, स्वाद में भी लाजवाब हो और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। ऐसे में सुबह की जल्दबाजी में लोग अक्सर पोहा, कटलेट, सैंडविच खाते हैं। लेकिन इसे खा खाकर लोग बोर भी हो जाते हैं। अगर आप भी रोज-रोज पोहा, उपमा या पराठे खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार अपने नाश्ते में शामिल करें रागी के अप्पे। ये स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहत के लिए वरदान साबित हो सकता है। रागी को सुपरफूड माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम, आयरन और फाइबर होता है, जो वजन कंट्रोल करने और दिनभर शरीर को एनर्जी देने में मदद करता है। ऐसे में यहां से फटाफट नोट कर लें रागी अप्पे की आसान सी रेसिपी।
सामग्री
- रागी का आटा: 1 कप
- सूजी (रवा): ½ कप (क्रिस्पी टेक्सचर के लिए)
- दही: ½ कप (हल्का खट्टा)
- बारीक कटी सब्जियां: ½ कप (प्याज, गाजर, शिमला मिर्च और हरी मिर्च)
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- राई और करी पत्ता: 1 छोटा चम्मच (तड़के के लिए)
- इनो या बेकिंग सोडा: ½ छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: अप्पे सेकने के लिए
बनाने की बेहद आसान तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में रागी का आटा, सूजी और दही को अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।
स्टेप 2
एक छोटे पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें। इसमें राई और करी पत्ता चटकाएं। इस तड़के को, बारीक कटी हुई सब्जियों और हरे धनिए के साथ रागी के घोल में डाल दें। स्वादानुसार नमक डालकर सबको अच्छी तरह मिक्स करें।
स्टेप 3
अब अप्पे बनाने से ठीक पहले मिक्सचर में इनो या बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर हल्के हाथों से मिलाएं। इससे अप्पे एकदम स्पंजी और फूले-फूले बनेंगे।
स्टेप 4
अप्पे पैन को गैस पर गर्म करें और इसके सभी खानों में थोड़ा-थोड़ा तेल लगाएं। अब चम्मच की मदद से बैटर को खानों में भरें।
स्टेप 5
पैन को ढककर धीमी आंच पर 2-3 मिनट के लिए पकने दें। जब नीचे की सतह सिक जाए, तो ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर इन्हें पलट दें और दूसरी तरफ से भी क्रिस्पी होने तक सेक लें।
Latest Lifestyle News