अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो राजगिरा का उपमा एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। राजगिरा यानी अमरंथ पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है और इससे तैयार उपमा स्वादिष्ट होने के साथ पेट को भी लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकता है। इसमें सब्जियों, मूंगफली और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं राजगिरा उपमा बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसकी आसान विधि क्या है।
राजगिरा उपमा बनाने के लिए सामग्री
डेढ़ बड़ा चम्मच तेल, 1 छोटा चम्मच राई, 1 छोटा चम्मच जीरा, 18-20 करी पत्ते, आधा छोटा चम्मच हींग, 2 हरी मिर्च कटी हुई, 1 इंच अदरक, 1 प्याज़ (कटा हुआ, आधा हरी शिमला मिर्च, 3/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, 3/4 कप अमरंथ (भिगोया और पकाया हुआ), 2 बड़े चम्मच मूंगफली (भुनी और कुटी हुई), स्वादानुसार नमक, धनिया पत्ती, आधा नींबू का रस
राजगिरा उपमा बनाने की विधि
-
सबसे पहले एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई और जीरा डालकर चटकने दें। इसके बाद करी पत्ता और हींग डालें। अब इसमें कटी हुई हरी मिर्च, अदरक और प्याज डालकर कुछ मिनट तक भूनें। प्याज हल्का सुनहरा होने लगे तो इसमें हरी शिमला मिर्च डालकर 2-3 मिनट तक पकाएं।
-
अब हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इसमें पहले से भिगोया और पकाया हुआ अमरंथ डालें। स्वादानुसार नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें भुनी और कुटी हुई मूंगफली डालें और 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
-
आखिर में गैस बंद कर धनिया पत्ती और आधे नींबू का रस डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। आपका स्वादिष्ट और हेल्दी राजगिरा उपमा बनकर तैयार है। इसे गर्मागर्म सर्व करें।
Latest Lifestyle News