1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. 1 कप चावल से बनाएं सॉफ्ट दानेदार मिठाई, बिना मावा और मिल्क पाउडर के तैयार, आसान है रेसिपी

1 कप चावल से बनाएं सॉफ्ट दानेदार मिठाई, बिना मावा और मिल्क पाउडर के तैयार, आसान है रेसिपी

कुछ मीठा खाने का मन करे तो झटपट चावल की मिठाई बनाकर खा सकते हैं। इसके लिए मावा या मिल्क पाउडर की भी जरूरत नहीं होगी और स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाकर खाएंगे। नोट कर लें चावल से मिठाई बनाने की रेसिपी।

चावल की मिठाई- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV चावल की मिठाई

मीठा खाने का मन है और घर में मावा या मिल्क पाउडर नहीं है तो सिर्फ 1 कप चावल से स्वादिष्ट मिठाई बना सकते हैं। इस मिठाई को बिना मावा के बनाया जा सकता है। चावल की मिठाई खाने में बहुत सॉफ्ट और दानेदार बनती है। आप इसे झटपट खाने के लिए बनाकर तैयार कर सकते हैं। चावल की मिठाई बनाने की रेसिपी भी बेहद आसान है।

चावल की मिठाई की रेसिपी

पहला स्टेप- इस मिठाई को बनाने के लिए आपको एक कप चावल लेने हैं। चावल कोई से भी ले सकते हैं जिनका इस्तेमाल आप घर में करते हैं। चावल को पानी में भिगो दें और अच्छी तरह से वॉश कर लें। अब चावल को छान लें और सारा पानी निकाल दें। एक तौलिया पर चावल को फैला दें, जिससे पानी निकल जाए। चावल को 10-15 मिनट पंखे के नीचे रख दें। चावल को हल्का सूखने दें।

दूसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में 2 बड़ा चम्मच देसी घी डालें, घी पिघलने के बाद चावल को कड़ाही में डाल दें और इन्हें चलाते हुए भूनना है। चावल को धीमी आंच पर ब्राउन कलर आने तक भूनना है। जब चावल भुनकर ब्राउन हो जाएं तो गैस बंद कर दें। अब चावल में एक चौथाई कप तिल डाल दें। अगर तिल नहीं तो छोड़ सकते हैं। इसकी जगह सूखा नारियल भी मिला सकते हैं।

तीसरा स्टेप- हम तिल और सूखा नारियल दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसमें एक चौथाई कप सूखा नारियल मिला रहे हैं। सारी चीजों को मिक्स करें और इसे मिक्सी में डालकर पीस लें। आप इसे जितना अच्छा पीसेंगे मिठाई भी उतनी टेस्टी बनेगी। अब पैन में आधा कप चीनी डालें और इसे बिना हिलाए ही चीनी को पिघलने तक पकाएं।

चौथा स्टेप- चीनी पिघलने के बाद इसमें 1 कप गाढ़ा दूध मिलाएं। अब दूध और चीनी मिक्स को मिलाएं और इसमें पिसा हुआ चावल वाला मिक्स डाल दें। सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करते हुए चलाते रहें। जब ये गाढ़ा हो जाए तो इसमें थोड़ा घी और मिला सकते हैं। मिश्रण जमने वाली स्थिति में आ जाए, यानि कड़ी से चिपकना बंद कर दे तो आप गैस बंद कर दें।

पांचवां स्टेप- एक ट्रे को घी से ग्रीस कर लें। इसमें तैयार मिश्रण को फैला दें और ऊपर से बारीक कटे काजू और पिस्ता लगा दें। थोड़ी देर सेट होने दें और फिर इसे अपनी पसंद के हिसाब से कट कर लें। तैयार है एकदम स्वादिष्ट, दानेदार और मुलायम बर्फी। आप इसे बच्चों और बड़ों सभी को खिला सकते हैं।

Latest Lifestyle News