आजकल लोगों की लाइफस्टाइल इतनी बिगड़ चुकी है कि ब्रेकफास्ट भी लोग स्किप कर रहे हैं। जबकि ब्रेकफास्ट सुबह का सबसे मह्तवपूर्ण मील होता है। कई बार लोग इसलिए भाी स्किप कर देते हैं क्योंकि उन्हें समझ नहीं आता कि सुबह नाश्ते में क्या बनाया जाए जो सुपर टेस्टी हो और हेल्दी भी। सुबह-सुबह कुछ टेस्टी और झटपट बनने वाला मिल जाए, तो पूरा दिन बन जाता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, फ्रेंच टोस्ट हर किसी का ऑल-टाइम फेवरेट ब्रेकफास्ट है। यह बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से एकदम सॉफ्ट व क्रीमी होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में सिर्फ 10 मिनट का समय लगता है। अगर आप भी सुबह की भागदौड़ में कुछ लाजवाब बनाना चाहते हैं, तो इस सिंपल और सुपर टेस्टी फ्रेंच टोस्ट की रेसिपी जरूर ट्राई करें।
सामग्री
- ब्रेड स्लाइस: 4 से 5
- अंडे: 2
- दूध: ¼ कप (फुल क्रीम)
- चीनी या हनी: 1 से 2 चम्मच
- दालचीनी पाउडर: ¼ छोटा चम्मच
- वैनिला एसेंस: ½ छोटा चम्मच
- मक्खन या घी: सेकने के लिए
- टॉपिंग्स के लिए: कटे हुए ताजे फल (केला, स्ट्रॉबेरी), शहद या मेपल सिरप
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले एक चौड़े और गहरे बर्तन में दोनों अंडों को तोड़कर डालें। अब इसमें दूध, चीनी, दालचीनी पाउडर और वैनिला एसेंस मिलाएं। एक कांटे या व्हिस्कर की मदद से इस मिश्रण को तब तक अच्छी तरह फेंटें, जब तक कि चीनी पूरी तरह घुल न जाए और मिश्रण एकसार न हो जाए।
स्टेप 2
अब एक नॉन-स्टिक तवे या पैन को गैस पर मध्यम आंच पर गर्म करें और उस पर थोड़ा सा मक्खन फैलाएं। जब तवा गर्म हो जाए, तो एक ब्रेड स्लाइस लें और उसे तैयार किए गए अंडे और दूध के मिश्रण में दोनों तरफ से अच्छी तरह डुबोएं। ध्यान रखें कि ब्रेड को मिश्रण में ज्यादा देर न छोड़ें, वरना ब्रेड टूट सकती है।
स्टेप 3
मिश्रण में डूबी हुई ब्रेड को तुरंत गर्म तवे पर रखें। धीमी से मध्यम आंच पर इसे तब तक सेकें जब तक कि नीचे की सतह सुनहरी भूरी न हो जाए। इसके बाद थोड़ा सा मक्खन और लगाएं और ब्रेड को पलट दें। दूसरी तरफ से भी इसे सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेक लें। इसी तरह बाकी ब्रेड स्लाइस भी तैयार कर लें।
परोसने का तरीका
आपका गरमा-गरम, सुपर टेस्टी फ्रेंच टोस्ट बनकर तैयार है। इसे एक सर्विंग प्लेट में निकालें। इसके ऊपर थोड़ा सा शहद या मेपल सिरप ड्रिज़ल करें। स्वाद और पोषण बढ़ाने के लिए ऊपर से केले के टुकड़े, बेरीज या हल्के से भुने हुए बादाम-काजू डालें। इसे गरमा-गरम चाय, कॉफी या फ्रेश जूस के साथ परोसें और अपने ब्रेकफास्ट को स्पेशल बनाएं।
Latest Lifestyle News