कई बार बहुत तेज भूख नहीं लगती लेकिन कुछ चटपटा खाने का मन करता है। ऐसे में लोग अनहेल्दी स्नेक्स खाते हैं। लेकिन इसकी जगह आप मखाना भेल को शामिल कर सकते हैं। ये एक बेहतरीन ऑप्शन है। मखाना न सिर्फ कम कैलोरी वाला सुपरफूड है, बल्कि इसमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। जब इसे सब्जियों और देसी मसालों के साथ मिलाकर तैयार किया जाता है, तो यह स्वाद और सेहत का परफेक्ट कॉम्बिनेशन बन जाती है। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं मखाना भेल बनाने की रेसिपी।
सामग्री
- मखाना: 2 कप
- देसी घी: 1 छोटा चम्मच
- उबला आलू: 1 (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
- प्याज: 1 (बारीक कटा हुआ)
- टमाटर: 1 (बारीक कटा हुआ, बीज निकला हुआ)
- हरी मिर्च: 1 (बारीक कटी हुई)
- हरी चटनी (धनिया-पुदीना): 1 से 2 चम्मच
- मीठी चटनी (इमली की): 1 चम्मच
- भुना जीरा पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
- चाट मसाला: 1/2 छोटा चम्मच
- काला नमक: स्वादानुसार
- अनार के दाने: 2 बड़े चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- मूंगफली या सेव: 2 बड़े चम्मच
बनाने का तरीका
- सबसे पहले मखाने को कुरकुरा करना जरूरी है। इसके लिए एक भारी तले की कढ़ाई में 1 छोटा चम्मच देसी घी गरम करें। धीमी आंच पर मखानों को 5-7 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें। जब मखाना हाथ से तोड़ने पर आसानी से क्रंच के साथ टूट जाए, तो समझें कि यह भुन चुका है। इसे आंच से उतारकर थोड़ा ठंडा होने दें।
- अब एक बड़ा मिक्सिंग बाउल लें। उसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, उबला आलू और हरी मिर्च डालें। इसके बाद इसमें चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और काला नमक मिलाएं। अब इसमें हरी चटनी और इमली की मीठी चटनी डालकर सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिला लें।
- ध्यान रखें कि भुने हुए मखाने सबसे आखिर में ही मिलाए जाते हैं, ताकि उनका क्रंच बना रहे। परोसने से ठीक पहले मखानों को बाउल में डालें और हल्के हाथों से टॉस करें।
- तैयार भेल को प्लेट में निकालें। ऊपर से ताजा हरा धनिया, अनार के दाने और चाहें तो थोड़ी सी भुनी हुई मूंगफली या बारीक सेव डालकर सजाएं। आपकी क्रिस्पी, चटपटी और न्यूट्रिशस मखाना भेल तैयार है। इसे तुरंत सर्व करें, क्योंकि ज्यादा देर रखने पर मखाने नरम हो सकते हैं। यह रेसिपी बच्चों के टिफिन, शाम की चाय या वेट लॉस डाइट के लिए एकदम परफेक्ट स्नैक है।
Latest Lifestyle News