आजादी के 80वें साल का जश्न मनाने की तैयारियां देशभर में चल रही है। इस खास मौके को और भी खास बनाने के लिए जगह जगह लड्डू बनाए जा रहे हैं। आजादी का जश्न मनाते हुए लोग एक दूसरे का मुंह भी मीठा करते हैं। इस खास मौके पर मोतीचूर के लड्डू सबसे ज्यादा खाए जाते हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर घर पर मिठास घोलने के लिए मोतीचूर के लड्डू से बेहतर भला क्या हो सकता है। स्वतंत्रता दिवस की खुशी और तिरंगे के रंगों के बीच अपनों का मुंह मीठा कराने के लिए इस बार बाजार के बजाय घर पर ही हलवाई जैसे स्वादिष्ठ और दानेदार मोतीचूर के लड्डू बनाएं। यहां इसकी सिंपल रेसिपी दी गई है।
सामग्री
- बेसन: 2 कप
- पानी: 2 कप (बैटर तैयार करने के लिए)
- चीनी: 2 कप
- इलायची पाउडर: ½ छोटी चम्मच
- केसरिया या नारंगी फूड कलर: 2-3 बूंदें
- मगज / कटे हुए पिस्ते: 2 बड़े चम्मच
- देसी घी या तेल: तलने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1
एक बड़े बर्तन में बेसन को छान लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके पानी मिलाते हुए एक पतला और बिना गुठलियों वाला घोल तैयार करें। घोल न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा पतला। इसमें 1 बूंद नारंगी रंग मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें।
स्टेप 2
एक कढ़ाई में देसी घी या तेल को मध्यम-तेज आंच पर गरम करें। अब महीन छेद वाले झारे को कढ़ाई के ऊपर रखें और उस पर बेसन का घोल डालें। घोल अपने आप कढ़ाई में गिरकर छोटी-छोटी बूंदी बन जाएगा। बूंदी को केवल 10-15 सेकंड ही तलें, इसे ज्यादा करारा या कड़क न होने दें। फिर इसे निकालकर प्लेट में रख लें।
स्टेप 3
एक दूसरे पैन में चीनी और 1 कप पानी मिलाकर गर्म करें। इसमें इलायची पाउडर और बचा हुआ नारंगी रंग डाल दें। 1-तार की चाशनी बनने से ठीक पहले गैस बंद कर दें।
स्टेप 4
तैयार गरम चाशनी में तली हुई बूंदी और मगज के बीज डालें। इसे अच्छी तरह मिलाकर ढक दें और 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि बूंदी पूरी तरह चाशनी को सोख ले। जब मिश्रण हल्का गुनगुना हो जाए, तो हाथों में थोड़ा सा घी लगाकर गोल-गोल मोतीचूर के लड्डू बना लें। ऊपर से पिस्ते की कतरन से सजाएं। 15 अगस्त के मौके पर इसका आनंद उठाएं।