वीकेंड पर ज्यादातर लोग देर से सोकर उठते हैं, ऐसे में नाश्ता बनाने का समय निकल चुका होता है। कुछ लोग रोटी सब्जी की जगह कुछ स्वादिष्ट खाना चाहते हैं। ऐसे में आप पनीर रैप बनाकर खा सकते हैं। वीकेंड ब्रंच के लिए पनीर रैप अच्छा ऑप्शन है इसमें आपको भरपूर स्वाद और पोषण मिलेगा। बच्चों को भी पनीर रैप काफी पसंद आता है। आप इसे जूस के साथ या किसी भी ड्रिक के साथ खा सकते हैं। पनीर रैप बनाना भी बेहद आसान है। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।
पनीर रैप की रेसिपी
पहला स्टेप- घर पर मार्केट जैसा पनीर रैप बनाने का फायदा ये है कि आप इसमें अपनी पसंदीदा और ढेर सारी सब्जियां डाल सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पनीर को मैरिनेट करना होता है। पनीर को क्यूब्स में काट लें और इसमें 2-3 चम्मच हंग कर्ड या गाढ़ा दही मिला दें। अब थोड़ी हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च और नमक डाल दें।
दूसरा स्टेप- पनीर को सारी चीजों के साथ अच्छी तरह मिक्स कर दें, जिससे पनीर पर दही और मसालों की अच्छी कोटिंग जैसी बन जाए। अब इसे करीब 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें। इससे पनीर के अंदर सारे मसाले अच्छी तरह से चले जाते हैं।
तीसरा स्टेप- अब कड़ाही में थोड़ा ऑयल डालें और उसमें पनीर को फ्राई कर लें। इसी के साथ लंबाई में कटा प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर भी फ्राई कर लें। पनीर में थोड़ी काली मिर्च और हरा धनिया डालकर पानी को सूखने तक पका लें।
चौथा स्टेप- अब गेहूं के आटे से पतली, बड़ी और मुलायम रोटियां या हल्का घी लगाकर पराठे बनाकर तैयार कर लें। जितने रैप बनाने हैं उतने पराठे बना लें। अब हरे धनिए की चटनी बना लें और उसमें 1 चम्मच दही मिक्स कर लें। इससे बाजार जैसी चटनी बनेगी।
पांचवां स्टेप- रैप के लिए एक कटोरी में टोमेटो सॉस और मेयोनीज मिक्स कर लें। अब रोटी या पराठे पर सॉस और मेयोनीज वाला मिक्स लगाएं। ऊपर हरी चटनी लगाकर पनीर और सब्जियां डालें। इसमें कच्चा प्याज भी डाल सकते हैं। सारी चीजों को सेट कर लें। थोड़ा सा नमक ऊपर से छिड़क दें और इसे रैप की तरह फोल्ड कर लें। सारे रैप बनाकर ऐसे ही तैयार करते जाएं और इन्हें तवे पर हल्का बटर लगाकर सेंक लें। आप चाहें तो पनीर रैप में थोड़ा चीज भी मिला सकते हैं। मार्केट जैसे पनीर रैप बनकर तैयार हैं इन्हें आप गर्मागरम खाएं मजा आ जाएगा।
Latest Lifestyle News