1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. जन्माष्टमी पर कान्हा को लगाएं माखन-मिश्री का भोग, जानें घी से कैसे बनाएं, मिनटों में तैयार करने के लिए ये ट्रिक आज़माए

जन्माष्टमी पर कान्हा को लगाएं माखन-मिश्री का भोग, जानें घी से कैसे बनाएं, मिनटों में तैयार करने के लिए ये ट्रिक आज़माए

जन्माष्टमी पर कान्हा को माखन-मिश्री का भोग लगाने की परंपरा है। अगर घर पर ताजा माखन बनाने का समय नहीं है, तो घी की मदद से इसे आसानी से बनाया जा सकता है

माखन मिश्री- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE -@VEDAS KITCHEN माखन मिश्री

जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन भक्त कान्हा को उनकी पसंदीदा चीजों का भोग लगाकर पूजा-अर्चना करते हैं। माखन-मिश्री का भोग भगवान श्रीकृष्ण से खास तौर पर जुड़ा हुआ है और जन्माष्टमी के मौके पर इसे घर पर तैयार करने की खास परंपरा भी है। अगर आप भी इस जन्माष्टमी कान्हा के लिए घर पर माखन तैयार करना चाहती हैं, लेकिन रोजाना मलाई जमा करने या दूध से माखन निकालने का समय नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। घर में रखा देसी घी आपके काम आ सकता है। एक आसान ट्रिक की मदद से आप कुछ ही मिनटों में माखन जैसा क्रीमी मिश्रण तैयार कर सकती हैं। इसे मिश्री के साथ मिलाकर कान्हा को भोग में अर्पित किया जा सकता है। तो आइए जानते हैं घी से माखन जैसा मिश्रण तैयार करने का आसान तरीका।

घी से माखन बनाने के लिए सामग्री

2-3 चम्मच शुद्ध देसी घी, 3-4 चम्मच बर्फ जैसा ठंडा पानी, 1-2 चम्मच ठंडा दूध या मलाई, मिश्री स्वादानुसार

घी से कैसे बनाएं माखन?

  • पहला स्टेप: माखन मिश्री बनाने के लिए सबसे पहले एक गहरे और ठंडे बाउल में देसी घी लें। ध्यान रखें कि घी बिल्कुल पिघला हुआ हो। 

  • दूसरा स्टेप: अब इसमें ठंडा दूध या थोड़ी मलाई डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा करके बर्फ डालें और लगातार फेंटते रहें।

  • तीसरा स्टेप: लगभग 2-5 मिनट तक फेंटने पर मिश्रण का टेक्सचर बदलने लगेगा और यह हल्का व क्रीमी दिखाई देने लगेगा।

  • चौथा स्टेप: अब इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने के बाद इसकी बनावट और बेहतर हो सकती है। इसके अलावा, जन्माष्टमी के मौके पर घर पर भगवान कृष्ण का पसंदीदा धनिया पंजीरी बनाने के लिए ये रेसिपी टिप्स फॉलो करें 

ऐसे लगाएं कान्हा को भोग

तैयार माखन को एक छोटी कटोरी में निकालें और ऊपर से मिश्री डाल दें। चाहें तो इसमें थोड़ी इलायची या कुछ तुलसी की पत्तियां भी रख सकती हैं। जन्माष्टमी पूजा के दौरान इसे भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाएं।

 

Latest Lifestyle News