1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. जन्माष्टमी के मौके पर घर पर बनाएं भगवान कृष्ण का पसंदीदा धनिया पंजीरी, सेव कर लें रेसिपी

जन्माष्टमी के मौके पर घर पर बनाएं भगवान कृष्ण का पसंदीदा धनिया पंजीरी, सेव कर लें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Aug 31, 2026 10:17 am IST,  Updated : Aug 31, 2026 10:17 am IST

जन्माष्टमी का त्योहार इस साल 4 सितंबर को मनाया जाएगा। इस खास मौके पर भगवान कृष्ण को उनके पसंदीदा धनिया पंजीरी का भोग लगाया जाता है। ऐसे में यहां हम आपके लिए धनिया पंजीरी की रेसिपी लेकर आए हैं।

जन्माष्टमी के मौके पर घर पर बनाएं भगवान कृष्ण का पसंदीदा धनिया पंजीरी, सेव कर लें रेसिपी - India TV Hindi
जन्माष्टमी के मौके पर घर पर बनाएं भगवान कृष्ण का पसंदीदा धनिया पंजीरी, सेव कर लें रेसिपी Image Source : INDIA TV

जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में देश भर में बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। इस खास अवसर पर लड्डू गोपाल को पंजीरी का भोग जरूर लगाया जाता है। धनिया पंजीरी भगवान कृष्ण को बेहद पसंद है। हममें से ज्यादातर लोग बाजार से खरीदकर भोग लगाते हैं। लेकिन आप चाहे तो इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं। धनिया पंजीरी बनाना बेहद आसान है। यहां हम आपके लिए धनिया पंजीरी की सिंपल रेसिपी लेकर आए हैं। नोट करें रेसिपी। 

सामग्री

  • धनिया पाउडर: 1 कप (ताजा पिसा हुआ)
  • शुद्ध घी: 3 से 4 बड़े चम्मच
  • मखाना: 1 कप (छोटे टुकड़ों में कटे हुए)
  • कटे हुए मेवे: आधा कप (बादाम, काजू, और पिस्ता)
  • घिसा हुआ नारियल: आधा कप
  • बूरा या पिसी हुई चीनी: आधा कप (स्वादानुसार)
  • चिरौंजी: 1 बड़ा चम्मच
  • हरी इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच

बनाने का तरीका

स्टेप 1: सबसे पहले एक भारी तले की कढ़ाई में 2 चम्मच शुद्ध घी गर्म करें।

स्टेप 2: इसमें कटे हुए काजू, बादाम और चिरौंजी डालकर मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद इन्हें एक प्लेट में निकाल लें।

स्टेप 3: अब उसी कढ़ाई में बचा हुआ थोड़ा घी डालें और मखाने डालकर कुरकुरा होने तक भून लें। मखानों को भी निकालकर अलग रख लें। 

स्टेप 4: कढ़ाई में 1 चम्मच घी और डालें और उसमें धनिया पाउडर मिलाएं। इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक कि धनिए से अच्छी खुशबू न आने लगे और उसका रंग थोड़ा गहरा न हो जाए।

स्टेप 5: भुने हुए धनिए में ही घिसा हुआ नारियल मिला लें और गैस बंद कर दें। कढ़ाई की गर्माहट से ही नारियल भून जाएगा।

स्टेप 6: अब इस भुने हुए धनिए और नारियल के मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकाल लें। इसमें भुने हुए मेवे, मखाने और इलायची पाउडर अच्छी तरह मिला लें।

स्टेप 7: मिश्रण को पूरी तरह से ठंडा होने दें। जब यह बिल्कुल ठंडा हो जाए, तब इसमें बूरा या पिसी हुई चीनी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल