आपने बाटी तो खूब खाई होगी लेकिन क्या मूंग दाल की बाटी का स्वाद चखा है? यह स्वाद में बेहद लाजवाब लगता है। साथ ही मूंग हाई प्रोटीन दाल का अच्छा स्रोत है और इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पोषण बढ़ाने में मदद मिलती है और इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है। ख़ास बात यह है कि आप इसे अप्पे पैन में आसानी से बना सकते हैं। चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह रेसिपी?
हाई प्रोटीन दाल बाटी के लिए सामग्री
पीली मूंग दाल 1 कप, भिगोई हुई, पानी ज़रूरत के अनुसार, घी 2 बड़े चम्मच, अजवाइन 1 छोटा चम्मच, हींग एक चुटकी, हरी मिर्च 2, बारीक कटी हुई, हल्दी पाउडर आधा छोटा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर 1 छोटा चम्मच, धनिया पाउडर एक छोटा चम्मच, जीरा पाउडर आधा छोटा चम्मच, नमक स्वादानुसार, हरा धनिया 2 बड़े चम्मच, कटा हुआ, गेहूं का आटा 1 कप
मूंग दाल बाटी बनाने की विधि
-
पहला स्टेप: मूंग दाल बाटी बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को पानी में सात से आठ घंटे के लिए भिगोकर रखें। तय समय एक बाद पानी में से भीगी हुई मूंग दाल निकाल दें और इसे मिक्सर जार में दरदरा पीस लें। मूंग दाल को पीसते समय उसे दरदरा ही रखें, इससे बाटी का टेक्सचर बेहतर आता है।
-
दूसरा स्टेप: अब इसमें मसाले,अजवाइन, घी, हींग, हरी मिर्च, हरा धनिया हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गेहूं का आटा मिलाकर नरम आटा गूंथ लें। आटा गूंथने के बाद दस मिनट के लिए इसे सेट होने के लिए रख दें।
-
तीसरा स्टेप: अब, इसके बाद लोई बनाकर बेल लें और फिर रोल बनाकर बाटी का शेप दें। अब, अप्पे पैन में थोड़ा घी डालकर, चारों तरफ से अच्छी तरह पकने तक सेक लें। बाटी अंदर से पके इसलिए उसको गैस की मीडियम आंच पर पकाएं। आपकी बाटी तैयार है इसे बैंगन के भर्ता के साथ खाएं।