1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. प्रोटीन, फाइबर और कैल्शियम से भरपूर नाश्ता, 1 कटोरी खाने से दोपहर तक पेट भरा रहेगा, आसान है रेसिपी

प्रोटीन, फाइबर और कैल्शियम से भरपूर नाश्ता, 1 कटोरी खाने से दोपहर तक पेट भरा रहेगा, आसान है रेसिपी

नाश्ते में प्रोटीन से भरपूर मूंग दाल, दलिया और मखाने से बनी ये रेसिपी बनाकर खाएं। 1 बाउल खाने से ही दोपहर तक पेट भरा रहेगा। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

हेल्दी नाश्ता- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV हेल्दी नाश्ता

दिन की शुरुआत आपको प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और विटामिन से भरपूर चीजों के साथ करनी चाहिए। इसके लिए दाल, दलिया और मखाने वाला ये नाश्ता बनाकर खाएं। सुबह जब नाश्ता बनाने के लिए समय की कमी होती है तो ये आसानी से बनने वाला नाश्ता आपके लिए सुपरहेल्दी साबित हो सकता है। इस नाश्ते को 1 कटोरी खाने से ही आपका पेट दोपहर तक भरा रहेगा। इस नाश्ते को दूध के साथ पकाकर बनाया जाता है। मीठे के लिए भी हेल्दी विकल्प जैसे गुड़ या जैगरी पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा है। तो चलिए बिना देरी किए फटाफट नोट कर लीजिए हेल्दी नाश्ते की रेसिपी

प्रोटीन, फाइबर और कैल्शियम से भरपूर नाश्ता

पहला स्टेप- आधा कटोरी बादाम यानि गिनती में करीब 20 बादाम लें और उन्हें रातभर पानी में भिगो दें। 2-3 बड़े चम्मच खसखस लें और उसे भी पानी में डालकर रातभर के लिए भिगो दें। अब बादाम को छीलकर खसखस के साथ थोड़ा दूध या पानी डालकर बारीक पीस लें। इसका एक पेस्ट जैसा बनकर तैयार हो जाएगा।

दूसरा स्टेप- अब कड़ाही में आधा कप मखाने को क्रिस्पी होने तक भून लें। भुने मखाने को प्लेट में निकाल लें। अब कड़ाही में 1 चम्मच देसी घी डालें और इसमें 3-4 चम्मच धुली मूंगदाल डालकर हल्का भून लें। दाल के भुनने के बाद 1 कप दलिया डालें और दोनों चीजों को मिलाकर भून लें। 

तीसरा स्टेप- दाल और दलिया हल्का भुन जाए तो इसमें दूध डालकर मिला दें। अब इसमें पिसा हुआ बादाम और खसखस का पेस्ट डालें। अब दूध डालकर दाल और दलिया को लो फ्लेम पर ढककर पकने दें। धीमी आंच पर दोनों चीजों को पकने दें। आप चाहें तो इसे कुकर में भी बना सकते हैं। जब दाल और दलिया दूध में मिक्स हो जाएं इसमें जैगरी पाउडर डाल दें।

चौथा स्टेप- अब पिसी हुई इलायची डालकर सारी चीजों को मिला दें। अब इसमें भुने मखाने डालें और दलिया को मिलाकर हल्का गर्म या ठंडा होने पर सर्व करें। एक बार इस तरह से दलिया का नाश्ता बनाकर खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे। ये नाश्ता सेहत के लिए बहुत फायदेमंद, इससे लंबे समय तक पेट भरा रहेगा।

Latest Lifestyle News