1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. आटे के समोसे की रेसिपी, बारिश में बनाकर खाएं और सुहावने मौसम में चाय के साथ इंजॉय करें

आटे के समोसे की रेसिपी, बारिश में बनाकर खाएं और सुहावने मौसम में चाय के साथ इंजॉय करें

Wheat Flour Samosa Recipe: बारिश के मौसम में गर्मागरम समोसे खाने का मन है तो आप मैदा की बजाय आटे से समोसा बनाकर खा सकते हैं। आटे का समोसा कम नुकसान करता है और इसे खाकर आपको वही स्वाद मिलेगा। नोट कर लें आटे के समोसे की रेसिपी।

आटे का समोसा की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आटे का समोसा की रेसिपी

बारिश होते ही कुछ गर्म और चटपटा खाने का मन करता है। बारिश के दिनों में चाय के शौकीन लोग समोसा और कचौड़ी की दुकानों पर टूट पड़ते हैं। गर्मागरम पकोड़े और समोसे बारिश के मौसम का मजा दोगुना कर देते हैं। अगर आपको समोसे खाना पसंद है लेकिन मैदा का सोचकर खाने से हिचकिचाते हैं तो हम आपको आटे का समोसा बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। आटे की समोसा खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। इसे बनाना आसान है और ये मैदा से समोसे से ज्यादा हेल्दी भी है। तो चलिए नोट कर लीजिए आटे के समोसे में क्या क्या डाला जाता है और इसका आटा कैसे लगाकर तैयार करते हैं।

आटे का समोसा रेसिपी

समोसे का आटा कैसे लगाते हैं- आटे का समोसा बनाने के लिए आपको 1 कप गेहूं का आटा लेना है। आटे को हल्का छान लें और अब इसमें मोयन डालें। मोयन में सरसों का तेल छोड़कर कोई भी तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। मोयन इतना डालना है कि सूखे आटे में मिलाने के बाद अगर आटे को मुट्ठी में लें और दबाकर देखें तो आटा बंधना चाहिए। यानि दबाने पर आटे का लड्डू जैसा बना जाए। अब आटे में थोड़ा नमक, क्रश की गई अजवाइन मिलाकर गुनगुने पानी से आटा गूंथ लें। आटे को ऊपर से थोड़ा चिकना करके सेट होने के लिए रख दें। समोसे का आटा पूरी जैसा कड़ा लगाया जाता है। आटे को कवर करके 15 मिनट के लिए रख दें। 

समोसे के आलू कैसे तैयार करें- इसके लिए एक पैन में थोड़ा जीरा, साबुत धनिया और काली मिर्च को हल्का भून लें। ठंडा होने पर इन मसालों को दरदरा पीस लें। अब पैन में 1 चम्मच तेल डालकर उसमें जीरा चटका लें। तेल में बारीक कटी हरी मिर्च और उबले हुए मटर का दाने डालें। अब इसमें उबले हुए मसलकर डाल दें। ऊपर से पिसे मसाले जैसे थोड़ा हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, कुटा हुआ मसाला मिलाकर सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब आलू में स्वादानुसार नमक और थोड़ा आमचूर पाउडर डाल दें। इसमें बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। स्टफिंग में आप अपनी पसंद से चीजें कम ज्यादा कर सकते हैं। आलू को हल्का भूनकर गैस बंद कर दें और ठंडा होने दें।

समोसा कैसे भरते हैं- अब आटे को हाथ से हल्का सेट करके रोटी जैसी लोई बना लें। अब लोई को रोटी की तरह ही चकला पर बेल लें और रोटी को बीच से काट दें। अब एक कटोरी में 1 चम्मच आटा और पानी का गाढ़ा घोल बना लें इससे समोसे को चिपकाएंगे। अब कटी हुई साइड पर आटे का चिपकाने वाला घोल लगाएं और समोसे जैसी शेप बनाएं। आलू की स्टफिंग भरें और फिर समोसे को ऊपर से बंद कर दें। सारे समोसे पहले ही भरकर तैयार कर लें।

समोसे को कैसे फ्राई करें- अब कड़ाही में तेल गर्म करें और जब तेल गर्म हो जाए तो गैस की फ्लेम एकदम कम कर दें। अब तेल में समोसे डालकर उन्हें धीमी आंच पर फ्राई होने दें। जब समोसे अच्छी तरह से फ्राई हो जाएं तो इन्हें निकाल लें। सारे समोसे ऐसे ही धीमी आंच पर आपको फ्राई करने हैं। इससे समोसे काफी खस्ता और करारे बनेंगे। 

समोसे को कैसे खाएं- तैयार किए समोसे को आप चाय के साथ, हरी चटनी के साथ या लाल मीठी वाली चटनी के साथ खाएं। आपको ये समोसे खाते ही मजा आ जाएगा। आप इन्हें बिना चटनी के भी खा सकते हैं।

Latest Lifestyle News