आजकल बालों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं जैसे बालों का झड़ना, कमजोर होना और ग्रोथ का स्लो होना। ऐसे में अपनी बालों की सेहत को बनाए रखने के लिए आप अपनी डाइट में सीड्स लड्डू को शामिल कर सकते हैं। चलिए जानते हैं सीड्स लड्डू बनाने के लिए किन-किन सामग्रियों की जरूरत होगी और इसे घर पर बनाने का आसान तरीका क्या है।
सीड्स लड्डू के लिए सामग्री
सीड्स लड्डू बनाने के लिए आपको घी 1 बड़ा चम्मच, काला तिल आधा कप, अलसी के बीज आधा कप, अखरोट आधा कप, कद्दू के बीज एक तिहाई कप, खजूर 10–12 (बीज निकाले हुए) की ज़रूरत होगी
-
पहला स्टेप: सीड्स लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही में धीमी आंच पर घी गरम करें। जब घी गर्म हो जाए तब इसमें काले तिल, अलसी के बीज, अखरोट और कद्दू के बीज डालें। इन्हें धीमी आंच पर 5 मिनट तक भूनें। इन्हें तब तक भूनें जब तक कि अच्छी खुशबू न आने लगे ( इस बात का ध्यान रखें कि रंग बहुत ज़्यादा गहरा न हो)
-
दूसरा स्टेप: अब, आंच बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। अब, इसमें बिना बीज वाले खजूर डालें और इन सबको मिलाकर दरदरा पीस लें। इस बात का ध्यान रखें कि ये मिश्रण बहुत ज़्यादा पतला नहीं होना चाहिए।
-
तीसरा स्टेप: अब, मिक्सी में से निकलकर थोड़ा-थोड़ा मिश्रण लेकर कसकर दबाएं और लड्डू का आकार दें। अगर मिश्रण सूखा लगे, तो आप इसमें 1 छोटा चम्मच गरम घी मिला लें। स्टोर करने से पहले इन्हें 10–15 मिनट के लिए सेट होने दें। इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखकर कमरे के तापमान पर 10 दिनों तक स्टोर किया जा सकता है।
क्या हैं सीड्स लड्डू के फायदे?
सीड्स लड्डू में काला तिल, अलसी के बीज और कद्दू के बीज का इस्तेमाल किया गया है। इन बीजों में प्रोटीन, ज़िंक, हेल्दी फैट्स, विटामिन ई से लेकर ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं जो बालों को जड़ से मजबूत बनाने का काम करते हैं। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि सिर्फ लड्डू खाने से आपकी बालों की समस्याएं कम नहीं होंगी बल्कि इसके लिए अपनी जीवनशैली और डाइट बेहतर करनी होगी।
Latest Lifestyle News