A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कच्चे आम की भुनी हुई चटनी बनाकर खाएं, फ्रिज में रखने पर 6 महीने तक नहीं होगी खराब, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

कच्चे आम की भुनी हुई चटनी बनाकर खाएं, फ्रिज में रखने पर 6 महीने तक नहीं होगी खराब, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Mango Chutney Recipe: एक बार इस तरह कच्चे आम की भुनी हुई चटनी बनाकर खा लेंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे। इस चटनी को फ्रिज में 6 महीने तक स्टोर करके रख सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

भुने आम की चटनी रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भुने आम की चटनी रेसिपी

गर्मियों में कच्चे आम की चटना खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है। अगर आप कच्चे आम की चटनी बनाते हैं तो इसे लंबे समय तक स्टोर नहीं कर सकते, लेकिन अगर कच्चे आम की चटनी को भूनकर बनाते हैं तो इसे फ्रिज में 6 महीने तक स्टोर करके खा सकते हैं। इस खट्टी मीठी चटनी को आप समोसा, कचौड़ी, पराठे या रोटी के साथ खा सकते हैं। चटनी को बनाना बहुत आसान है और इसका स्वाद लाजवाब है। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

कच्चे आम की भुनी चटनी की रेसिपी

पहला स्टेप- चटनी बनाने के लिए आपको 4 मीडियम साइज के कच्चे आम लेने हैं। आम को अच्छी तरह से धो लें और पानी पोंछ दें। अब गैस पर एक जाली रखें और आम को इस पर रखकर अच्छी तरह से भून लें। इससे आम की चटनी का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। जब आम के ऊपर का छिलका काला सा होने लगे और आम बीच से फटने लगे तो समझ लें आम भुन चुके हैं।

दूसरा स्टेप- आम को ठंडा होने के लिए एक साइड में रख दें और फिर इन्हें छीलकर गूदा निकाल लें। इसे मिक्सी में डालकर पीस लें और पेस्ट बना लें। अब एक पैन में जीरी, सौंफ, साबुत धनिया, थोड़े मेथी दाना और काली मिर्च डालकर धीमी आंच पर हल्का रोस्ट कर लें। मसालों को मिक्सी में डालकर पीस लें। 

तीसरा स्टेप- अब पैन में तैयार किया हुआ आम डालें और इसमें आधा कप से थोड़ा ज्यादा चीनी डाल दें। अब चटनी में 2 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर, तैयार किया मसाला, काला नमक और थोड़ा सफेद नमक मिला दें। सारी चीजों को मिक्स करते हुए पकाएं।

चौथा स्टेप- चटनी में थोड़ा पानी डालें और पानी को सूखने तक इसे पकाएं। जब चटनी अच्छी तरह से पक जाए तो इसे निकालकर किसी साफ कांच के बर्तन में स्टोर कर लें। चटनी को ठंडी होने पर फ्रिज में स्टोर कर लें। ये 6 महीने तक खराब नहीं होगी। बहुत ही चटपटी सी खट्टी-मीठी चटनी बनकर तैयार है।

  

Latest Lifestyle News