मानसून की रिमझिम फुहारों के बीच कुछ गरमा-गरम और टेस्टी खाने-पीने का मन हर किसी का करता है। लेकिन इस मौसम में तली-भुनी चीजें पेट की समस्या बढ़ा सकती है। ऐसे में इसकी जगह अगर आप कुछ बेहद हेल्दी और पौष्टिक ढूंढ रहे हैं, तो रागी सूप एक परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। रागी पोषक तत्वों का खजाना है। यह न सिर्फ शरीर को अंदर से गर्माहट देता है, बल्कि मानसून में होने वाले इन्फेक्शन से भी बचाता है। यहां हम आपको लिए रागी सूप की सिंपल रेसिपी लेकर आए हैं। यहां से नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- रागी का आटा: 2 बड़े चम्मच
- बारीक कटी सब्जियां: आधा कप (गाजर, बीन्स, पत्तागोभी और स्वीट कॉर्न)
- प्याज: 1 छोटा (बारीक कटा हुआ)
- लहसुन और अदरक: 1 छोटा चम्मच (बारीक कद्दूकस किया हुआ)
- काली मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- मक्खन या ऑलिव ऑयल: 1 छोटा चम्मच
- पानी या वेजीटेबल स्टॉक: 2.5 कप
- नमक: स्वादानुसार
- नींबू का रस और हरा धनिया: सजाने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले एक कटोरी में 2 चम्मच रागी का आटा लें। इसमें आधा कप पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें ताकि कोई गुठली न रहे।
स्टेप 2
एक गहरे पैन में मक्खन या तेल गर्म करें। इसमें अदरक, लहसुन और प्याज डालकर 1 मिनट के लिए भूनें। इसके बाद पैन में सभी कटी हुई सब्जियां डालें और मध्यम आंच पर 2-3 मिनट तक पकाएं। सब्जियों का क्रंच बना रहना चाहिए।
स्टेप 3
अब भुनी हुई सब्जियों में 2 कप पानी या वेजीटेबल स्टॉक डालें और उबाल आने दें। जैसे ही पानी उबलने लगे, गैस को धीमा करें और तैयार किया हुआ रागी का घोल धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाते रहें।
स्टेप 4
सूप को धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट तक पकने दें। आप देखेंगे कि रागी के पकने के साथ सूप गाढ़ा होने लगा है।
स्टेप 5
लास्ट में सूप में नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं। गैस बंद करें और ऊपर से थोड़ा नींबू का रस और फ्रेश हरा धनिया डालकर गरमा-गरम सर्व करें।
मानसून में क्यों पीना चाहिए रागी सूप?
इम्यूनिटी बूस्टर: रागी में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स और एमीनो एसिड पाए जाते हैं, जो बारिश के मौसम में सर्दी, खांसी और वायरल फ्लू से लड़ने में मदद करते हैं।
हड्डियों के लिए वरदान: रागी कैल्शियम का सबसे बेहतरीन प्लांट-बेस्ड सोर्स है। मानसून में अक्सर जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ जाती है, जिससे यह सूप राहत दिलाता है।
वेट लॉस में मददगार: इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर होता है। इसे पीने के बाद लंबे समय तक भूख नहीं लगती, जिससे वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
पाचन के लिए: बारिश में हमारा पाचन तंत्र थोड़ा धीमा हो जाता है। रागी सूप बेहद हल्का होता है और आसानी से पच जाता है।
Latest Lifestyle News