1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. दही जमाने के लिए कौन सा दूध इस्तेमाल करना चाहिए, इस तरह उबालकर जमाएंगे तो मिलेगा मलाईदार गाढ़ा दही खाने का स्वाद

दही जमाने के लिए कौन सा दूध इस्तेमाल करना चाहिए, इस तरह उबालकर जमाएंगे तो मिलेगा मलाईदार गाढ़ा दही खाने का स्वाद

गाढ़ा मलाईदार दही जमाने के लिए आपको सही दूध इस्तेमाल करना चाहिए। दूध को इस तरह उबालकर दही जमाएंगे तो एकदम क्रीमी, गाढ़ा और मलाईदार दही जमकर तैयार होगा।

दही जमाने के लिए सबसे अच्छा दूध कौन सा है- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दही जमाने के लिए सबसे अच्छा दूध कौन सा है

आजकल लोग बाजार से दही खरीदकर खाने लगे हैं। ये दही गाढ़ा जरूर होता है लेकिन इसमें किचनाई और मलाई का नाम नहीं होता। इसीलिए बाजार वाले दही में वो स्वाद नहीं मिल पाता जो घर में जमाए गए गाढ़े और मलाई वाले दही में आता है। गांव में जहां शुद्ध और ताजा दूध आसानी से मिल जाता है वहां लोग अभी भी घर में दही जमाकर इस्तेमाल करते हैं। अगर आप मार्केट का दही खाते हैं तो एक बार इस तरह से घर में दही जमाकर जरूर खाएं। आपको इतना स्वादिष्ट लगेगा कि फिर कभी मार्केट का दही खाना पसंद नहीं करेंगे। हालांकि घर में दही जमाने के लिए आपको कुछ बातों का ध्यान रखना होगा, जैसे आप दूध कौन सा इस्तेमाल कर रहे हैं, जामन क्या डाल रहे हैं और दूध को मौसम के हिसाब से कितना गर्म और ठंडा रखना है। आइये जानते हैं घर में मलाई वाला गाढ़ा दही जमाने के लिए कौन सा दूध इस्तेमाल करें?

दही जमाने के लिए कौन सा दूध इस्तेमाल करें?

अच्छा गाढ़ा दही जमाने के लिए आपको भैंस का दूध इस्तेमाल करना चाहिए। भैंस का दूध गाढ़ा होता है और इससे दही में मोटी मलाई पड़ती है। अगर आपके पास पैकेट वाले दूध का विकल्प है तो फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें। इससे एकदम गाढ़ा दही जमकर तैयार होगा। पैकेट मिल्क में भी भैंस के दूध का विकल्प होता है आप उससे दही जमा सकते हैं। अगर आप इससे पतला यानि टोन्ड, डबल टोंड या गाय का दूध इस्तेमाल करते हैं तो दही पानीदार और काफी पतला जमेगा।

दही जमाने के लिए दूध को कैसे उबालें?

ध्यान रखें दही जमाने में दूध का सही तरीके से उबालना भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए दूध को 1 अच्छा उबाल आने तक पकाएं। अब गैस की आंच धीमी करके करीब 5 मिनट के लिए दूध को और उबालें। गैस बंद कर दें और दूध को नेचुरली ठंडा होने दें। जब दूध हल्का गुनगुना हो यानि अगर आप उंगली से छुएं तो हाथ जले नहीं ऐसा तापमान दही जमाने के लिए बेस्ट है। सर्दियों में इससे थोड़ा गर्म दूध भी दही जमाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन गर्मी में अच्छा गुनगुना दूध दही जमाने के लिए अच्छा है।

दही जमाने के लिए कौन सा जामन इस्तेमाल करें?

दही कैसा जमेगा या जामन पर भी निर्भर करता है। गाढ़ा, मलाई वाला दही जमाने के लिए आपको या तो घर का गाढ़ा जामन लेना है। अगर पहली बार दही जमा रहे हैं तो इसके लिए बाजार में मिलने वाला डब्बे वाला दही का उपयोग करें। पैकेट वाले दही का जामन लगाने से दही बिल्कुल अच्छा नहीं जमेगा और ये अजीब सा चिपचिपा हो जाएगा। दूध जब गुनगुना हो तो थोड़ा-थोड़ा करके पूरे में करीब 1 बड़ा चम्मच दही को इधर-उधर डाल दें। चम्मच से हल्का मिक्स करें और किसी प्लेट से ढ़ककर रातभर के लिए या करीब 7-8 घंटे के लिए इसे बिना हिलाए ऐसे ही छोड़ दें। अब दही को सेट होने के लिए फ्रिज में रख दें। एकदम गाढ़ा दही जमकर तैयार होगा।

ध्यान देने वाली बातें

  • आपको ये नहीं करना कि उबला हुआ दूध फ्रिज में रखा हुआ है उसे सिर्फ गुनगुना करके दही जमा दें। इससे दही अच्छा नहीं जमेगा। अगर पुराना दूध इस्तेमाल करना है तो इसे भी 1-2 उबाल लगाकर फिर दही जमाने के लिए इस्तेमाल करें।

  • दूसरी गलती ये नहीं करनी कि दही में पतला, खट्टा जामन डालने से अच्छा दही जमेगा। गाढ़ा, बिना खट्टा और ताजा जामन ही दही जमाने के लिए इस्तेमाल करें। 

  • दही जमाने के लिए तापमान का ख्याल जरूर रखें। दही हल्का गर्म तापमान में जल्दी और अच्छा जमता है। इसलिए सर्दियों में इसे किसी गर्म जगह पर रखकर जमाएं या ऐसे बर्तन का इस्तेमाल करें जिसमें दूध थोड़ी देर गर्म रहे।

  • गर्मियों में दही जमाने के लिए किचन में बाहर का तापमान सही होता है, लेकिन दूध को किसी प्लेट से कवर करके ही दही जमाएं और फिर फ्रिज में रख दें।

 

Latest Lifestyle News