Travel Plan: दिल से भारत को देखना हो तो सर्दियों में यात्रा करनी चाहिए। भारत विविधताओं को समेटे हुए कैसे चमक बिखेर रहा है, इसे आप यात्रा के द्वारा ही समझ सकते हैं। जिस मनोरम तस्वीर को देखकर मन रोमांच से भर जाता है, उसे जब हकीकत में आप देख रहे हों तो कितना मजा आएगा। हाथ में गरम चाय की प्याली हो, पास में किताब हो, सर्दी की सुस्ती हो और नजरों के सामने जमी हुई झील, लहरों से खेलते समुद्र तट, मनोरंजक झरने, हरियाली या फिर बर्फबारी हो रही हो तो अलग ही आनंद मिलता है।
यूं तो भारत में सर्दियों के लिए बहुत से स्थान विश्व विख्यात हैं किंतु कुछ स्थान ऐसे हैं जहां जिंदगी में कम से कम एक बार तो जाना ही चाहिए। प्रकृति ने भारत को कैसे—कैसे वरदान दिए हैं, इसका अंदाजा इन स्थानों पर भ्रमण करके ही लगता है। सर्दियों में सैर के लिए सोच रहे हैं तो एक सूची बना लीजिए, काम आएगी। क्योंकि यहां के मौसम, माहौल, भौगोलिक रचना, संस्कृति और रेसिपी आपको मंत्रमुग्ध कर लेगी।
कश्मीर
कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है। यहां का गुलमर्ग स्नो लवर्स को खूब भाता है। स्कीइंग, स्लेजिंग और स्नो स्कूटर जैसे खेल आपको कुछ अलग ही सुकून देते हैं। यहां आए हुए पर्यटक फोटो लेते हुए थकते नहीं हैं।
गोवा
गोवा अपने समुद्र तट के लिए जाना जाता है। यहां क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने वाले पर्यटकों की खूब भीड़ लगती है। अगोण्डा, केंडोलीम, कैलंगट, केवेलोसिम, मंड्रेम, बेनौलिम, अरंबोल, मोरजिम और वागातोर यहां के प्रसिद्ध बीच हैं। जहां विदेशी पर्यटक भी आने के लिए बेचैन रहते हैं।
केरल
केरल को भगवान की धरती कहा जाता है। केरल के पहाड़, समुद्र तट, झील, चाय बागान और हिल स्टेशन आपको अपना बनाने के लिए तैयार हैं। कोच्ची, मुन्नार, एलेप्पी और ठिक्कडी अपनी—अपनी विशेषताएं रखते हैं। कोच्चि में आपको मसालों की खुशबू मिलेगी, तो मुन्नार में चाय के बागान, एलेप्पी की हाउस बोट के भ्रमण का मजा ही अलग है।
अंडमान
अगर जिंदगी की भागदौड़ और शोरगुल से परेशान हो गए हैं तो अंडमान आपके लिए बेस्ट हैं। यह जगह शोरगुल से दूर एकांत वातावरण में शांतपूर्ण ढंग से आपको सर्दी का लुत्फ़ उठाने देती है।
गुजरात
सर्दी के दिनों में कच्छ में रण उत्सव मनाया जाता है। यहां इस उत्सव का लुत्फ उठाया जा सकता है। भुज के मांडवी में घूमना अलग तरह का अनुभव देता है।
हिमाचल प्रदेश
शिमला, मनाली और कुल्लू यहां के आकर्षक डेस्टिनेशन हैं। सर्दी का जो मजा आपको कश्मीर में मिलता है, लगभग वही नजारे यहां मिलेंगे। यहां प्रकृति और संस्कृति दोनों एक दूसरे से सामंजस्य स्थापित करते हुए प्रतीत होंगे।
उत्तराखंड
मसूरी, नैनीताल, देहरादून और औली सर्दियों में कुछ अलग ही चमक उठते हैं। जंगली सफारी, बाघ स्पॉटिंग, हाथी की सवारी और बर्फबारी का मजा आपको उत्तराखंड बुला ही लेगा। सर्दियों में यहां घूमना सबको पसंद आता है।
राजस्थान
यूं तो गर्मी में राजस्थान लू से पिघल रहा होता है लेकिन सर्दी में यहां जाना मजे की बात होती है। यहां की परंपरा, संस्कृति, झील और किले आपको राजशाही जैसा महसूस कराते हैं। उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, रणथंभौर और जैसलमेर में मन कभी नहीं ऊबता है। माउंट आबू में आपको सर्दी का एहसास होगा, वहीं शानदार मंदिर आपका मन मोह लेंगे।
Latest Lifestyle News