महाराष्ट्र में चल रही राजनैतिक उथल-पुथल के बीच आज शिवसेना के दोनों गुट अपना 60वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। इस दौरान मुंबई के कई हिस्सों में जमकर पॉलिटिकल बैनरबाजी हो रही है। समारोह से पहले दोनों गुट के बीच जमकर पोस्टर वॉर चल रहा है। शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों की बगावत के बाद हर तरफ एकनाथ शिंदे के बैनर नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ बैनर और पोस्टरो पर उद्धव ठाकरे गुट ने बागियों को गद्दार बताया है।
तनाव को देखते हुए मुंबई पुलिस अलर्ट
उद्धव और शिंदे दोनों गुटों ने अपने अपने टीजर भी जारी किए हैं। दोनों गुट के बीच तनाव को देखते हुए मुंबई पुलिस अलर्ट है। शिवसेना यूबीटी ने मुंबई में शिंदे गुट पर निशाना साधते हुए पोस्टर लगाए हैं। पोस्टर पर लिखा गया है, "गद्दार बदले, चेहरे बदले लेकिन विचारधारा नहीं बदली, "महाराष्ट्र के लोगों के दिलों में बसने वाली शिवसेना आज भी वही है", भरोसे के 60 साल- विश्वासघात के तूफान में भी अडिग।"
Image Source : reporter inputउद्धव गुट ने लगाए पोस्टर।
'शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ही असली शिवसेना'
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे ने शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस का टीज़र जारी किया और कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है, जहां न कोई मालिक है और न कोई नौकर, सभी कार्यकर्ता हैं। टीजर के माध्यम से उद्धव बालासाहेब ठाकरे (UBT) गुट को बालासाहेब ठाकरे के प्रखर हिंदुत्ववादी विचारों की याद दिलाई गई।
एक नहीं 2 समारोह और बगावत का नया अध्याय
- शिवसेना के दोनों गुट अलग-अलग स्थापना दिवस मना रहे हैं। आज शाम 6 बजे गोरेगांव के नेस्को सेंटर में शिंदे सेना का प्रोग्राम है। एकनाथ शिंदे इस मौके पर शिवसैनिकों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में शिंदे शिवसेना के सभी प्रमुख विधायक, मंत्री और सांसद मौजूद रहेंगे।
- वहीं, शाम साढ़े 7 बजे उद्धव सेना का प्रोग्राम है।उद्धव ठाकरे सायन-माटुंगा के शणमुखानंद हॉल में शिवसैनिकों को संबोधित करेंगे। हालांकि उद्धव के प्रोग्राम में कितने सांसद और विधायक पहुंचेंगे। ये बड़ा सवाल है क्योंकि कल दिल्ली में हुई मीटिंग में 9 में से 3 ही सांसद पहुंचे थे।
- शिंदे गुट का दावा है कि उद्धव के 20 विधायकों में से 16 विधायक उनके संपर्क में हैं और पार्टी बदलने के लिए तैयार हैं।
उद्धव के सभी 6 बागी सांसदों को Y+ सिक्योरिटी
उद्धव सेना की तरफ से मिल रही धमकियों के बीच बागी सांसदों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर महाराष्ट्र पुलिस को Y+ सुरक्षा देने को कहा गया। इस बीच खबर ये भी है कि उद्धव के सभी 6 बागी सांसदों को दिल्ली से जयपुर शिफ्ट किया गया है। दरअसल, उद्धव गुट के संजय राउत लगातार बागी सांसदों को धमकी दे रहे हैं। उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कह रहे हैं कि बगावत करने वाले ऑपरेशन तुड़वा के डर से जयपुर में छिप गए हैं लेकिन इनके ऊपर कानूनी कार्रवाई ज़रूरी होगी।
यह भी पढ़ें-
महाराष्ट्र में ये हो क्या रहा है? शिवसेना के बाद अब शरद पवार की 'पावर' पर खतरा; टूट सकती है पार्टी
उद्धव के 6 बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को सौंपा पत्र, संसद में मांगी अलग जगह, शिंदे गुट में विलय की तैयारी