1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. उद्धव के 6 बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को सौंपा पत्र, संसद में मांगी अलग जगह, शिंदे गुट में विलय की तैयारी

उद्धव के 6 बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को सौंपा पत्र, संसद में मांगी अलग जगह, शिंदे गुट में विलय की तैयारी

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 18, 2026 04:30 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 05:08 pm IST

सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि उद्धव ठाकरे गुट के छह बागी सांसदों ने पत्र सौंपकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से संसद के भीतर अलग बैठने की व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया है।

एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे- India TV Hindi
एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे Image Source : FILE (ANI)

महाराष्ट्र की राजनीति से एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे गुट के छह बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपने हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौंप दिए हैं। इन सांसदों ने लोकसभा में एक अलग गुट के रूप में मान्यता देने की मांग की है। इसके साथ ही, बागी सांसदों ने संसद के भीतर अपनी अलग बैठने की व्यवस्था (सिटिंग अरेंजमेंट) किए जाने का भी अनुरोध किया है।

22 जून को हो सकता है विलय

सूत्रों के अनुसार, 22 जून को दिल्ली में इन सभी सांसदों की मौजूदगी की संभावना है, जहां वे शिंदे शिवसेना में विलय की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। उसी दिन इन सांसदों का औपचारिक रूप से एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में प्रवेश या विलय कराया जा सकता है।

इससे पहले, इन बागी नेताओं ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अनौपचारिक मुलाकात की थी। उन्होंने लोकसभा में शिवसेना-UBT के कुल 9 सांसदों में से 6 के समर्थन का दावा किया था।

उद्धव गुट के 6 बागी सांसदों की सुरक्षा बढ़ी

वहीं, उद्धव ठाकरे गुट के जिन 6 सांसदों ने पाला बदला है, केंद्र सरकार के निर्देश पर उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद महाराष्ट्र पुलिस को इन सभी सांसदों को तुरंत 'Y+' श्रेणी के बराबर सुरक्षा देने को कहा गया है। दूसरी तरफ, बगावत की खबरों से नाराज उद्धव गुट के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

खुफिया और पुलिस अधिकारियों को भेजे गए एक आधिकारिक मैसेज में कहा गया है कि मौजूदा हालात और संभावित खतरों को देखते हुए इन सांसदों की सुरक्षा मजबूत की जाए। जिला स्तर की सुरक्षा समितियों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे स्थानीय स्थिति का अंदाजा लगाकर सुरक्षा के इंतजाम करें।

इन 6 सांसदों की बढ़ाई गई सुरक्षा

  1. संजय देशमुख (सांसद, यवतमाल)
  2. संजय जाधव (सांसद, परभणी)
  3. संजय दीना पाटिल (सांसद, मुंबई उत्तर-पूर्व)
  4. नागेश पाटिल अष्टिकार (सांसद, हिंगोली)
  5. ओमराजे निंबालकर (सांसद, धाराशिव)
  6. भाऊसाहेब वाघचौरे (सांसद, शिरडी)

पुलिस को खास तौर पर निर्देश दिया गया है कि जब भी ये सांसद अपने इलाके में जाएं या किसी पब्लिक प्रोग्राम में हिस्सा लें, तो पुलिस एक्स्ट्रा सावधानी बरते। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि कार्यकर्ताओं के गुस्से या विरोध प्रदर्शन के दौरान कोई अप्रिय घटना या झड़प न हो।

ये भी पढ़ें-

महाराष्ट्र: उद्धव की सेना में बगावत, संजय राउत के बयान पर भाजपा नेताओं का तीखा वार

"निष्ठा नहीं निगरानी में हुई चूक", राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी पर नृपेंद्र मिश्रा का EXCLUSIVE इंटरव्यू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।