मुंबईः महाराष्ट्र की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के बाद अब शरद पवार की एनसीपी में बगावत की अटकलें हैं। सूत्रों के मुताबिक शरद पवार गुट की एनसीपी के कुछ सांसद और विधायक अजित पवार गुट के संपर्क में हैं। अजीत पवार गुट की एनसीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री धर्मराव बाबा आत्राम ने दावा किया है कि शरद पवार गुट के कुछ पांच सांसद उनके संपर्क में हैं। आने वाले समय में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
अमित शाह से मिलीं सुनेत्रा पवार
वहीं, अजीत पवार की पत्नी और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने गुरुवार को अपने सांसद बेटे पार्थ पवार के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार में एनसीपी के हिस्से वाले वित्त मंत्रालय समेत अन्य विभागों से जुड़े विषयों पर भी बातचीत हुई। इसके अलावा राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, महायुति गठबंधन के भीतर समन्वय और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है।
हालांकि बैठक को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से ऐसे समय में जब महाराष्ट्र में सत्ता समीकरणों और गठबंधन की राजनीति को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं, इस मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
संसद में शरद गुट के 9 सांसद हैं
बता दें कि लोकसभा में शरद पवार की एनसीपी के कुल आठ सांसद हैं। इनमें शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले भी शामिल हैं। जबकि राज्यसभा में शरद गुट का एक सांसद है। शरद पवार खुद राज्यसभा सांसद हैं। फिलहाल शरद गुट की तरफ से खबर लिखे जाने तक इन अटकलों पर कोई बयान आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।
शरद गुट के सांसदों की लिस्ट
- सुप्रिया सुले – बारामती
- अमोल कोल्हे– शिरूर
- बजरंग सोनावाने– बीड
- निलेश लंके– अहमदनगर
- सुरेश म्हात्रे- भिवंडी
- अमर काले– वर्धा
- भास्कर भागरे– डिंडोरी
- धैर्यशील मोहिते पाटिल– माढा
उद्धव गुट के 6 सांसदों ने की बगावत
बता दें कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के 9 सांसदों में से छह ने बगावत कर दी है। छह सांसदों ने पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया और गुरुवार को संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए। पार्टी ने इन छह सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एक शिवसेना नेता ने बताया कि चार पन्नों के पत्र में इन छह सांसदों ने एक अलग गुट बनाने का प्रस्ताव रखा है। ये सांसद जल्द ही एकनाथ शिंदे गुट की एनसीपी में शामिल हो सकते हैं।
बागी पैसे के लिए खुद को बेच दिएः राउत
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा, "ये (बागी सांसद) सब बिके हुए लोग हैं। ये पैसे के पीछे पागल हो गए हैं। न तो इनमें कोई कमिटमेंट है और न ही कोई वफ़ादारी। आप इनसे और क्या उम्मीद कर सकते हैं? आप उन पर ध्यान क्यों देते हैं? क्या आपको पता भी है कि किशोर पाटिल कहां से आए हैं? आपको नहीं पता।" संजय राउत ने कहा कि मैं जीवन भर बालासाहब ठाकरे के साथ था। शिवसेना निष्ठावान लोगों की फैक्ट्री है। जो सांसद गए अब वे हमारे नहीं रहे। उन्होंने अपने आप को बेच दिया 50 करोड़ 60 करोड़ में। अभी उनके बीच एक मंत्री पद के लिए झगड़ा चल रहा है।
ये भी पढ़ेंः शिवसेना के 60 साल: दो गुट, दो समारोह, उद्धव के 6 बागी सांसदों पर सबकी नजर