1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. घर के मंदिर में गड्ढा, CCTV में सबूत और अंधविश्वास के नाम पर लाखों की ठगी; उल्हासनगर का ये मामला हैरान कर देने वाला है

घर के मंदिर में गड्ढा, CCTV में सबूत और अंधविश्वास के नाम पर लाखों की ठगी; उल्हासनगर का ये मामला हैरान कर देने वाला है

उल्हासनगर के एक घर में अंधविश्वास का ऐसा खेल चला कि घर का मंदिर भी नहीं बचा। यहां एक महिला पर परिवार में अनिष्ट होने का डर बैठाकर तीन गुरुओं ने वशीकरण और अघोरी विद्या का नाटक किया। डर के साये में महिला से करीब 4 लाख रुपये और सोने के आभूषण ले लिए गए।

घर के मंदिर में गड्ढा...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT घर के मंदिर में गड्ढा खोदकर दफन की वस्तुएं।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में अंधविश्वास के नाम पर कथित ठगी का एक मामला सामने आया है। वशीकरण और जादू-टोना के जरिए संकट दूर करने का दावा कर एक महिला से करीब 4 लाख रुपये और सोने के आभूषण लेने का आरोप लगाया गया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला के घर के देवघर में कथित तौर पर गड्ढा खोदकर कुछ वस्तुएं दफन की गईं। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आने का दावा शिकायतकर्ता ने किया है।

क्या है पूरा मामला?

उल्हासनगर कैंप नंबर-5 निवासी रेखा सुनील भोईर ने हिललाइन पुलिस से शिकायत करते हुए पम्मी गुरु, बब्बू गुरु और गणेश पवार उर्फ गणेश गुरु के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने वशीकरण, अघोरी विद्या और संकट निवारण का हवाला देकर महिला में डर पैदा किया। डर के साये में महिला से करीब 4 लाख रुपये और सोने के आभूषण ले लिए गए। इतना ही नहीं गुरुओं ने घर के देवघर में गड्ढा खोदकर कुछ रहस्यमयी वस्तुएं दफन कर दीं और ये सब कुछ महिला के घर के CCTV में कैद हो गया।

Image Source : reporter inputआरोपियों की फोटो।

'डर दिखाकर सब कुछ लूटा'

महिला का आरोप है कि परिवार पर अनिष्ट होने का भय दिखाकर उससे कथित तौर पर 4 लाख रुपये के साथ सोने के आभूषण भी लिए गए। इतना ही नहीं, पैसे देने से इनकार करने पर उसके और परिवार के साथ बुरा होने की धमकी दिए जाने का भी आरोप शिकायत में लगाया गया है।

Image Source : reporter inputघर के मंदिर में गड्ढा खोदकर दफन की वस्तुएं।

घर के मंदिर में आखिर क्या किया गया?

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके घर के देवघर में कथित तौर पर एक गड्ढा खोदा गया और उसमें कुछ वस्तुएं दफन की गईं। महिला का दावा है कि घर में लगे CCTV कैमरे में यह पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड हुई है। इसके अलावा आर्थिक लेन-देन, मोबाइल रिकॉर्डिंग और बातचीत से जुड़े अन्य सबूत भी उसके पास होने की बात कही गई है।

हैरान करने वाला पूरा खेल CCTV में कैद-

पुलिस की कार्रवाई

पीड़िता ने पुलिस से CCTV फुटेज और आर्थिक लेन-देन की जांच के साथ कथित तौर पर लिए गए सोने के आभूषणों की जानकारी जुटाने की मांग की है। उसने मामले की विस्तृत जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है या नहीं और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इससे पहले महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से अंधविश्वास के नाम पर ठगी का खुलासा हुआ था। पुलिस की गिरफ्त में आई मुख्य आरोपी महिला ने स्वयं को दैवीय शक्तियों से संपन्न बताया था। उसने धूनी का पाउडर, पवित्र चिट्ठी, पूजा-पाठ और अंधविश्वास के नाम पर एक महिला से 25.90 लाख रुपये की ठगी कर ली।

(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)

यह भी पढ़ें-

राजस्थान में हैवानियत, अंधविश्वास के नाम पर युवती को जबरन उठाया, गर्म लोहे से माथे, हाथ-पैर समेत पूरे शरीर को...

प्रेमजाल और अंधविश्वास के नाम पर नाबालिग से 1.3 करोड़ ठगे, पुलिस ने महिला तांत्रिक समेत 4 आरोपियों को पकड़ा