चीन में Alibaba पर कार्रवाई के बाद पहली बार विदेशी दौरे पर निकले अरबपति जैक मा, कृषि अध्ययन के लिए यूरोप पहुंचे
चीन में Alibaba पर कार्रवाई के बाद पहली बार विदेशी दौरे पर निकले अरबपति जैक मा, कृषि अध्ययन के लिए यूरोप पहुंचे
India TV Paisa Desk
Published : Oct 20, 2021 12:07 pm IST, Updated : Oct 20, 2021 12:07 pm IST
पिछले साल दिसंबर में बीजिंग ने अलीबाबा के खिलाफ एक एंटीट्रस्ट जांच की शुरुआत की थी और उस पर रिकॉर्ड 2.8 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया था।
Image Source : SOUTHCHINAPOSTChina’s billionaire Jack Ma on first trip abroad after crackdown on Alibaba
बीजिंग। एकाधिकार विरोधी नियमों के उल्लंघन को लेकर चीन की सरकार के निशाने पर आए चीनी उद्योगपति और ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा (Alibaba) के संस्थापक जैक मा (Jack Ma० Jack Ma) कृषि अध्ययन दौरे के लिए यूरोप गए हैं, जो इस घटनाक्रम के बाद से उनका पहला विदेशी दौरा है। यूरोप जाने से पहले, जैक मा चर्चाओं से दूर अपने परिवार के साथ निजी समय बिताने के लिए हांगकांग में थे। हांगकांग के अखबार साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने बुधवार को अपनी खबर में यह बताया। अखबार पर जैक मा का मालिकाना हक है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जैक मा पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर कृषि और प्रौद्योगिकी अध्ययन दौरे के लिए इस समय स्पेन में हैं। वह कई व्यापारिक बैठकों और कृषि अध्ययन दौरे के लिए यूरोप का दौरा कर रहे हैं। एक साल से अधिक समय में यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। खबर के मुताबिक इससे पहले, जैक मा ने 2018 में हर तीन दिन में से एक दिन यात्रा में बिताया था। जैक मा ने 2019 में अपने 55 वें जन्मदिन पर अलीबाबा के चेयरमैन का पद छोड़ दिया था। उनके अचानक इस तरह से पद छोड़ने के फैसले से उनके चीन सरकार के निशाने पर होने से जुड़ी अटकलें तेज हो गई थीं।
पिछले साल दिसंबर में बीजिंग ने अलीबाबा के खिलाफ एक एंटीट्रस्ट जांच की शुरुआत की थी और उस पर रिकॉर्ड 2.8 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया था। एक गरीब परिवार में पैदा हुए मा चीन के सबसे बड़े अरबपति हैं और चीन में वह सबसे लोकप्रिय उद्योगपति भी हैं।