उत्तर प्रदेश के संभल में स्थित श्री कल्कि धाम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब सफर आसान होने वाला है। गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे श्री कल्कि धाम तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने करीब 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण के लिए 140 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस सड़क के बनने से न केवल श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा होगी, बल्कि रास्ते में आने वाले कई गांवों की तस्वीर भी बदलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, यह फोरलेन सड़क संभल के ऐंचोड़ा कंबोह गांव में स्थित श्री कल्कि धाम मंदिर को गंगा एक्सप्रेसवे के खिरनी इंटरचेंज से जोड़ेगी। करीब 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 140 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। यह काम वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि इस परियोजना को दो हिस्सों में पूरा किया जाएगा। पहला हिस्सा गंगा एक्सप्रेसवे से श्री कल्कि धाम तक और दूसरा हिस्सा श्री कल्कि धाम से जोया तक होगा। पहले हिस्से के लिए 140 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें से 14 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं।
कल्कि धाम से जोया तक भी चौड़ी होगी सड़क
इस परियोजना के दूसरे चरण में ऐंचोड़ा कंबोह से जोया तक करीब 14.5 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। इसके लिए सड़क के दोनों ओर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। प्रशासन को इस प्रक्रिया के लिए भी मंजूरी मिल चुकी है। जमीन अधिग्रहण पर करीब 32 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद इस हिस्से का निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
कई गांवों को मिलेगा विकास का फायदा
फोरलेन सड़क बनने से आसपास के कई गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। अभी इस मार्ग के कई हिस्सों में अतिक्रमण की समस्या थी। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया था। नई सड़क बनने से श्रद्धालुओं को गंगा एक्सप्रेसवे से कल्कि धाम तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। मंदिर का निर्माण कार्य भी जारी है। ऐसे में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से आने वाले समय में इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
यह भी पढ़ें- यूपी में नितिन गडकरी ने किया 8 नेशनल हाइवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास; जौनपुर समेत 5 जिलों की बदलेगी तस्वीर
Latest Business News