1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. यूपी को मिली 3650 करोड़ की सौगात, नितिन गडकरी ने किया 8 नेशनल हाइवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास; जौनपुर समेत 5 जिलों की बदलेगी तस्वीर

यूपी को मिली 3650 करोड़ की सौगात, नितिन गडकरी ने किया 8 नेशनल हाइवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास; जौनपुर समेत 5 जिलों की बदलेगी तस्वीर

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Nov 05, 2026 02:22 pm IST,  Updated : Nov 05, 2026 02:22 pm IST

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को यूपी को 3,650 करोड़ रुपये से ज्यादा की 8 नेशनल हाईवे परियोजनाओं की सौगात दी। जौनपुर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 3 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

नितिन गडकरी ने यूपी को...- India TV Hindi
नितिन गडकरी ने यूपी को 8 NH की सौगात दी Image Source : NITIN GADKARI X ACCOUNT

उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को जौनपुर में 3,677 करोड़ रुपये की 8 नेशनल हाईवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से जौनपुर, भदोही, आजमगढ़, प्रयागराज और रायबरेली समेत आसपास के इलाकों के लोगों को सीधा फायदा मिलने वाला है।

जौनपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने 467 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास और भूमि पूजन किया। इनमें मुंगराबादशाहपुर में 198 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 4 किलोमीटर लंबा बाईपास भी शामिल है। इसके बनने से शहर के बीच से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होगा। प्रयागराज, जौनपुर और प्रतापगढ़ जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, एनएच-128ए पर लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक 33 करोड़ रुपये की लागत से 4.7 किलोमीटर लंबे फोरलेन का निर्माण होगा। वहीं, सई नदी पर 16 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जाएगा। जौनपुर बाईपास और मड़ियाहूं में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से भी यातायात सुगम होगा।

3210 करोड़ की 3 परियोजनाओं का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने 3,210 करोड़ रुपये की लागत से तैयार तीन परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 627 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मछलीशहर-भदोही टू-लेन सड़क शामिल है। इससे जौनपुर और भदोही के बीच आवागमन आसान होगा। इसके अलावा, एनएच-30 के रायबरेली-प्रयागराज खंड पर 1,078 करोड़ रुपये की लागत से बने फोरलेन बाईपास और सई नदी पुल का भी उद्घाटन किया गया। इस परियोजना में जगतपुर, बाबूगंज, ऊंचाहार और अलापुर बाईपास शामिल हैं। वहीं, 1,505 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रायबरेली-प्रयागराज लिंक रोड भी जनता को समर्पित की गई।

जौनपुर, भदोही और आजमगढ़ को होगा सीधा फायदा

इन परियोजनाओं का सबसे बड़ा फायदा आसपास के पांच जिलों के लोगों को मिलेगा। मछलीशहर-भदोही सड़क से भदोही के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं, जौनपुर में बनने वाला फोरलेन आजमगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए सफर आसान करेगा। मुंगराबादशाहपुर बाईपास से प्रयागराज जाने वाले लोगों को शहर के ट्रैफिक से राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें- गडकरी ने दिया नॉर्थ-ईस्ट को बड़ा तोहफा, ₹1176 करोड़ की लागत से तीस्ता नदी के ऊपर बनेगा 6-लेन ब्रिज; सिलिगुड़ी-सिक्किम तक सफर होगा आसान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।