1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. IndiGo के बेड़े में शामिल होंगे 14 नए A321 XLR विमान, कम ईंधन खर्च और छोटे रनवे से उड़ान भरने में सक्षम; बदलेगा भारत में हवाई यात्रा का नक्शा

IndiGo के बेड़े में शामिल होंगे 14 नए A321 XLR विमान, कम ईंधन खर्च और छोटे रनवे से उड़ान भरने में सक्षम; बदलेगा भारत में हवाई यात्रा का नक्शा

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Nov 05, 2026 01:32 pm IST,  Updated : Nov 05, 2026 01:33 pm IST

IndiGo अपने बेड़े को तेजी से बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार करने की तैयारी में है। कंपनी दिसंबर 2027 के अंत तक अपने बेड़े में कुल 14 Airbus A321 XLR विमान शामिल करेगी। इन विमानों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये कम ईंधन खर्च में लंबी दूरी तय कर सकते हैं।

इंडिगो खरीदेगा 14 नए A321 XLR...- India TV Hindi
इंडिगो खरीदेगा 14 नए A321 XLR विमान Image Source : INDIGO OFFICIAL INSTAGRAM PAGE

भारत में हवाई यात्रा का नक्शा आने वाले कुछ सालों में बदल सकता है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो अपने बेड़े और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार करने की तैयारी में है। कंपनी दिसंबर 2027 के अंत तक अपने बेड़े में कुल 14 एयरबस A321 XLR विमान शामिल करना चाहती है। इन विमानों की सबसे बड़ी खासियत इनकी लंबी उड़ान क्षमता और कम ईंधन खर्च है। इससे भारत से कई विदेशी शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। खास बात यह है कि सरकार भी अगले 10 साल में देश में 100 नए एयरपोर्ट विकसित करने की प्लानिंग पर काम कर रही है। ऐसे में इंडिगो के नए विमान और सरकार की एयरपोर्ट योजना मिलकर देश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार में मदद कर सकते हैं।

इंडिगो के CEO विली वॉल्श के मुताबिक एयरलाइन दिसंबर 2027 के अंत तक कुल 14 A321 XLR विमान अपने बेड़े में शामिल करने की उम्मीद कर रही है। फिलहाल कंपनी के पास इस मॉडल के 4 विमान हैं और एक अन्य विमान इस साल के अंत तक बेड़े में शामिल होने की उम्मीद है। एयरलाइन इन विमानों के जरिए अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार करना चाहती है। वॉल्श के मुताबिक, कंपनी का मुख्य फोकस फिलहाल छोटी और मध्यम दूरी की उड़ानों पर रहेगा। इंडिगो को 2028 की दूसरी तिमाही से एयरबस A350-900 विमानों की डिलीवरी भी मिलने की उम्मीद है। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक अपने बेड़े में विमानों की संख्या बढ़ाकर 600 करना है।

A321 XLR विमान की क्या हैं खासियतें?

एयरबस A321 XLR एक नैरो-बॉडी यानी सिंगल-आइल विमान है। इसका मतलब है कि इसमें यात्रियों के बैठने के लिए सीटों के बीच एक ही गलियारा होता है। हालांकि, इसे लंबी दूरी की उड़ानों के लिए तैयार किया गया है। इस विमान की अन्य प्रमुख खूबियां हैं:

  • 8,700 किलोमीटर की रेंज: यह विमान एक बार में बिना रुके करीब 8,700 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है।
  • कम ईंधन खर्च: एयरबस के मुताबिक, पिछली पीढ़ी के प्रतिस्पर्धी विमानों की तुलना में प्रति सीट ईंधन खपत और कार्बन उत्सर्जन करीब 30 फीसदी तक कम हो सकता है।
  • लंबी उड़ान क्षमता: यह विमान करीब 11 घंटे तक की उड़ान के लिए सक्षम है।
  • 180 से 220 यात्रियों की क्षमता: इसमें सामान्य कॉन्फिगरेशन के हिसाब से 180 से 220 यात्री सफर कर सकते हैं।
  • खास फ्यूल टैंक: विमान में ईंधन क्षमता वाला रियर सेंटर टैंक दिया गया है, जिससे विमान लंबी दूरी तय कर सकता है।

इस विमान की मदद से एयरलाइन उन अंतरराष्ट्रीय रूट पर भी उड़ान शुरू कर सकती है, जहां बड़े वाइड-बॉडी विमानों को चलाना ज्यादा खर्चीला हो सकता है।

छोटे रनवे और छोटे शहरों के लिए कितने उपयोगी होंगे ये विमान?

भारत में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार नए एयरपोर्ट और हवाई पट्टियां विकसित करने की योजना बना रही है। A321 XLR विमार छोटे रनवे से भी उड़ान भरने में सक्षम है। वहीं, इस विमान की असली खासियत यह है कि यह नैरो-बॉडी विमान होने के बावजूद लंबी दूरी तय कर सकता है। इससे एयरलाइन को कम यात्रियों की मांग वाले अंतरराष्ट्रीय रूट पर भी सीधी उड़ान शुरू करने का विकल्प मिल सकता है।

सरकार की 100 नए एयरपोर्ट बनाने की योजना से मिलेगा फायदा

केंद्र सरकार ने उड़ान योजना के तहत अगले 10 साल में 100 नए एयरपोर्ट विकसित करने की योजना बनाई है। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2035-36 तक चलेगी। इसके लिए करीब 28,840 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना का मकसद टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों, दूरदराज के क्षेत्रों और द्वीपों तक हवाई कनेक्टिविटी पहुंचाना है। ऐसे में नए एयरपोर्ट बनने से देश में हवाई सेवाओं का दायरा बढ़ सकता है। इंडिगो जैसे एयरलाइन ऑपरेटरों को नए शहरों में कारोबार के अवसर मिल सकते हैं।

यह भी पढ़ें- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उदयपुर के लिए शुरू हुई सीधी उड़ान, Indigo की नई सर्विस से यात्रियों को मिलेगा फायदा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।