1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. हफ्ते भर बाद फिर शुरू हुई EPFO की वेबसाइट! अब PF खाताधारकों को होगी ज्यादा आसानी, जानिए क्या बदला?

हफ्ते भर बाद फिर शुरू हुई EPFO की वेबसाइट! अब PF खाताधारकों को होगी ज्यादा आसानी, जानिए क्या बदला?

करीब एक हफ्ते तक बंद रहने के बाद आखिरकार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की वेबसाइट फिर से शुरू हो गई है। लंबे इंतजार के बाद अब कर्मचारी और नियोक्ता दोबारा ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।

EPFO का नया अवतार आया!- India TV Hindi
Image Source : ANI EPFO का नया अवतार आया!

करोड़ों PF खाताधारकों के लिए राहत की खबर है। करीब 7 दिनों तक बंद रहने के बाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने आखिरकार अपनी वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाएं दोबारा शुरू कर दी हैं। संगठन का कहना है कि इस दौरान पोर्टल पर बड़े लेवल पर डेटाबेस और सॉफ्टवेयर अपग्रेड का काम किया गया है, ताकि भविष्य में सदस्यों और नियोक्ताओं को पहले से बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकें। हालांकि, शुरुआती कुछ दिनों तक कुछ सेवाओं में सामान्य से अधिक समय लग सकता है।

सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद फिर शुरू हुई सेवाएं

EPFO ने बताया कि मेंबर और नियोक्ताओं के लिए सभी जरूरी ऑनलाइन सेवाएं फिर से चालू कर दी गई हैं। पोर्टल पर किए गए अपग्रेड का उद्देश्य सिस्टम को अधिक सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद बनाना है, जिससे PF से जुड़े काम आसानी से पूरे किए जा सकें।

Image Source : EPFOEPFO वेबसाइट का मैसेज

2 हफ्ते तक लग सकता है थोड़ा ज्यादा समय

संगठन ने कहा है कि अगले दो सप्ताह तक सभी क्लेम और सर्विस रिक्वेस्ट को चरणबद्ध तरीके से प्रोसेस किया जाएगा। इस दौरान एक्स्ट्रा वेरिफिकेशन और ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी, ताकि सभी रिकॉर्ड की सटीकता सुनिश्चित की जा सके। ऐसे में PF निकासी, ट्रांसफर या अन्य सेवाओं में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लग सकता है।

EPFO ने सदस्यों से की यह अपील

EPFO ने सभी सदस्यों और नियोक्ताओं से धैर्य रखने की अपील की है। संगठन ने कहा है कि पोर्टल पर बार-बार लॉगिन करने या एक ही अनुरोध कई बार भेजने से बचें। इससे सिस्टम पर अनावश्यक दबाव बढ़ सकता है और सेवाओं की गति प्रभावित हो सकती है।

क्या मिले हैं नए फीचर्स?

फिलहाल EPFO ने किसी नए फीचर या सुविधा की डिटेल जानकारी शेयर नहीं की है। संगठन ने सिर्फ इतना बताया है कि सिस्टम, डेटाबेस और सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया गया है, जिससे भविष्य में सेवाओं की क्वालिटी और उपयोगकर्ता एक्सपीरिएंस बेहतर होगा। यानी अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि PF क्लेम प्रक्रिया या अन्य सुविधाओं में कौन-कौन से बड़े बदलाव किए गए हैं।

कई बार बढ़ानी पड़ी थी डेडलाइन

शुरुआत में EPFO ने घोषणा की थी कि मेंटेनेंस का काम 28 जून तक पूरा हो जाएगा और सेवाएं 29 जून से शुरू हो जाएंगी। बाद में समयसीमा बढ़ाकर 1 जुलाई की गई और आखिरकार वेबसाइट 3 जुलाई को दोपहर बाद पूरी तरह बहाल की गई।

यह भी पढ़ें- अब EPFO में नहीं चलेगी लापरवाही! सरकार ने लागू किए नए सोशल सिक्योरिटी नियम, PF क्लेम के लिए सख्त डेडलाइन तय

Latest Business News